- गोपालपुर में आयोजित सभा में सरदार पटेल के असाधारण व्यक्तित्व पर की विस्तृत चर्चा
जौनपुर। जिले के प्रभारी मंत्री ए.के.शर्मा ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अपने प्रभार जनपद में आयोजित यूनिटी मार्च जनसभा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामूहिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। मड़ियाहूं के गोपालपुर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल न केवल स्वतंत्रता आंदोलन के मजबूत स्तंभ थे, बल्कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की अखंडता को सुरक्षित रखने वाले सबसे निर्णायक व्यक्तित्व भी थे। उन्होने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि जब वह गुजरात के खेड़ा जिले में जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे, तब उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि वहाँ के लोगों के मन में सरदार पटेल के प्रति कितना गहरा सम्मान और श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि खेड़ा में हर घर, हर परिवार और हर बुजुर्ग के हृदय में सरदार पटेल के प्रति अटूट विश्वास और प्रेरणा की भावना बसती है। यह सम्मान इस बात का प्रतीक है कि सरदार पटेल का जीवन और संघर्ष केवल इतिहास तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों की आत्मा में आज भी जीवित है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ.बी.पी.सरोज, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाध्यक्ष डॉ.अजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं युवा उपस्थित रहें।


