सहारनपुर. प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र सरकार की गरीब परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है. लाखो लोगो का इस योजना के तहत आज पक्के घर मे रहने का सपना पूरा हुआ है. लेकिन जनपद सहारनपुर मे प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कुछ लाभार्थियों से मकान बनवाने के नाम अवैध वसूली का मामला सामने आया है. सैकड़ों पात्र लोगो ने जिलाधिकारी से इस सबंध में शिकायत कर कारवाई की मांग की है.
महानगर निवासी पीएम आवास योजना के लाभार्थी पदम सिंह ने बताया कि तीन वर्ष पहले उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया था. अब उनका पीएम आवास सूची में नाम आया है. विभाग के कर्मचारियों ने चिन्हित भूमि पर चुने से निशानदेही भी कर दी है. लेकिन अभी तक उनके बैंक खातों में मकान बनाने के लिए कोई राशि नही आई है. पदम सिंह ने आरोप लगाया कि नारी शक्ति फाउंडेशन संस्था का व्यक्ति खुद को विभागीय कर्मचारी बताकर लाभार्थियों से पैसे की मांग कर रहा है.उक्त व्यक्ति पैसा नही देने पर मकान नही बनने देने की धमकी भी दे रहा है. पदम सिंह का आरोप है कि निजी संस्था का वह व्यक्ति लाभार्थियों से 10 से 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है. कॉलोनी के अन्य लोगो ने भी उक्त कर्मचारी पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है. हसनपुर के पास कॉलोनी की महिला ने बताया कि तीन साल से वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिलने की आस लगाए बैठी है. तीन महीने पहले उनका नाम आवासीय सूची में आ गया था, लेकिन अभी तक कोई क़िस्त हमे नही मिली है. महिला का आरोप है कि अब कोई व्यक्ति मकान बनवाने के नाम पर पैसे मांग रहा है, नही देने पर मकान नही बनने देने की धमकी भी दे रहा है. महिला का कहना है कि जिन लोगो का आवासीय सूची में नाम आया है, उनमें से अधिकतर किराए के मकान में रह रहे हैं. ऐसे में गरीब आदमी का ऐसे कर्मचारी शोषण कर रहे हैं. हेमंत ने बताया कि कॉलोनी के सैंकड़ो लोगो से नारी शक्ति फॉउंडेशन का अरविंद मौर्य नाम का व्यक्ति 10 से 20 हजार रू प्रति व्यक्ति मांग कर रहा है. इस सम्बन्ध में कॉलोनी के लोगो ने जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र को लिखित शिकायत की है तथा उक्त व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कारवाई की मांग की है. जिलाधिकारी ने लोगो को उचित कारवाई का आश्वासन दिया है.



