― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरपंखा चला कछुए की चाल, कूलर भी हुआ फेल

पंखा चला कछुए की चाल, कूलर भी हुआ फेल

  • लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे शहरवासी
  • टुल्लू और समरसेबल से भी टंकी में नहीं चढ़ रहा पानी

जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर की जनता भीषण गर्मी से परेशान है वही लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बढ़ती ही जा रही है। पंखा, कूलर, एसी सब कछुए की चाल से चल रहे हैं। वोल्टेज इतना लो है कि लोगों के घरों में लगा टुल्लू और समर्सिबल पंप भी पानी नहीं खींच पा रहा है। लो वोल्टेज की वजह से लोगों का कूलर का मोटर जल जा रहा है। उमस भरी गर्मी में शहर की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। नगर के कई मोहल्लों में चौबीस घंटे लो-वोल्टेज की समस्या है। घरों में लगे एसी, कूलर नहीं चल पा रहे हैं। पंखे रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। कड़ाके की धूप और लू से बचने के लिए लोग जब घर में पहुंच रहे हैं तो कभी हाई वोल्टेज तो कभी लो-वोल्टेज परेशान कर रहा है। रात की नींद गायब हो रही है तो दिन का सुख चैन भी छिन जा रहा है। वहीं बिजली के अनियमित प्रवाह से बल्व, पंखे, प्रिâज जैसे इलेक्ट्रिक यंत्र भी खराब हो जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान तक उठाना पड़ रहा है। घरों में लगे हुए स्टेबलाइजर भी वोल्टेज को मेंटेन नहीं कर पा रहे हैं। इन दिनों सुचारू विद्युत आपूर्ति के दावे फेल हो गए है। जबकि मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश जारी कर 22 जून तक बिजली कटौती पर रोक लगा दिया है। भीषण गर्मी में लोड़ बढ़ते ही ट्रांसफार्मर नियमित आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। पसीने से तरबतर लोगों का घरों में रहना दुश्वार है। ऐन मौके पर बिजली साथ छोड़ दे रही है। विभाग के दस्तावेज में कटौती शून्य है। लेकिन निर्वाध आपूर्ति शहर में कहीं नहीं हो रही है। कभी लोकल फाल्ट तो कभी लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। शहर के रूहट्टा, तड़तला, बलुआघाट, ओलंदगंज, नवाब यूसुफ रोड आदि क्षेत्रों में इस तरह की शिकायतें आम हो गई है। रात में लोड़ बढ़ने के दौरान अक्सर वोल्टेज कम हो जा रहा है। कभी पंखा एकदम स्लो हो जा रहा है तो कभी बहुत तेज चल रहा है इसकी वजह से पंखे में फाल्ट आ जा रहा है। लोग घरों से निकलकर बाहर आ जा रहे हैं। कुछ देर बाद वोल्टेज बढ़ने पर फिर अंदर हो रहे हैं तो कुछ समय पर वहीं समस्याएं आ रही है। इस अव्यवस्था में पूरी रात नींद नहीं आ रही है। कमोवेश दिन में भी यहीं हाल है। जब-तब बिजली भी गुल हो जा रही है। लोकल फाल्ट ठीक होने पर ही बिजली आ रही है। महिलाओं, बच्चों का और बुरा हाल है। गर्मी से बेहाल लोग विभाग को कोस रहे हैं। विभागीय जिम्मेदार लोड़ बढ़ने का तर्क देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। सुबह से रात तक बिजली का यही हाल रहता है।

  • बिजली विभाग के निर्बाध विद्युत आपूर्ति का दावा हवा हवाई

एक तरफ जहां नगरवासी बिजली की आंख मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं तो वही बिजली विभाग का निर्बाध विद्युत आपूर्ति का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है। दोपहर में कड़ाके की धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का बुरा हाल हुआ है। जबकि बिजली विभाग द्वारा गर्मी शुरू होने से पहले तमाम वादे किए गए थे की निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाएगी और लोगों को विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाई जाएगी लेकिन विद्युत विभाग के यह दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं।

  • चेकिंग अभियान चलाकर हो रहा है लो वोल्टेज का समाधन

अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया कि भीषण गर्मी में बाईपास बनाकर जो लोग क्षमता से अधिक बिजली का उपयोग कर लो वोल्टेज का कारण बन रहें हैं। उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाया रहा है और इस अभियान की लक्ष्य बकाया बिल की वसूली भी है। उन्होने बताया कि अधिशासी अधियंता चतुर्थ विनोद कुमार यादव के खिलाफ शिकायतें बहुत थी इसीलिये उनका ट्रांसफर कर डिस्कॉम पर अटैच कर दिया गया है, उनके स्थान अनिल चौधरी आ रहें है जो एक्सीएन चतुर्थ का चार्ज सम्भालेंगे।

Share Now...