- तहसील प्रशासन, नगर पालिका व पुलिस का संयुक्त अभियान
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर पालिका क्षेत्र पूरी तरह से अतिक्रमण की जद में हैं। मंगलवार को उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी प्रदीप गिरी, कोतवाली अपराध निरीक्षक जनार्दन यादव के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान नगर पालिका से शुरू होकर कोतवाली रोड, घासमंडी चौक, मुख्य मार्ग, लोहा मंडी, रामलीला भवन, चौक एराकियाना चौक तक चला। इस दौरान नाली पर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। वहीं दुकान के उपर लगे नाली के बाहर टिन शेड को उखाड़ दिया गया। पटरी पर कब्जा जमाये दुकानदारों को चेतावनी के साथ हटाया गया। जन संदेश टाइम्स ने तीन अप्रैल को ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चला’ की खबर प्रमुखता से छापी थी जिसके बाद सक्रिय प्रशासन ने मंगलवार को अभियान चलाया। मालूम रहें कि मुख्यमंत्री ने एक पखवाड़े एक अप्रैल से पन्द्रह अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है। इसी परिप्रेक्ष्य में अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका कर्मी हथौड़ा छेनी एवं जेसीबी लेकर चलते रहे। दर्जनों लोगों का पक्का अतिक्रमण ध्वस्त किया गया। वहीं दर्जनों लोगों का टीन शेड हटाया गया। इस बावत नगरपालिका ईओ प्रदीप गिरी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का नुकसान करने का इरादा नहीं है। एक सप्ताह से विभिन्न माध्यमों से अतिक्रमण हटा लेने की अपील की जा रही है। सोमवार को एलाउंस भी कराया गया। लोग स्वेच्छा से नाली के ऊपर से कब्जा हटा ले अन्यथा पालिका प्रशासन कार्यवाही के साथ जुर्माना भी वसूल करेगा। फिलहाल अभियान लगातार चलेगा।



