― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरे एक नजर में...

खबरे एक नजर में…

  • लू लगने से युवक की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के कबूलपुर गांव निवासी निसार खान पुत्र मुर्तजा खान उम्र लगभग 52 वर्ष की लू लगने से सोमवार की रात को मौत हो गयी। निसार पत्नी व बच्चों के साथ मुंबई में रहता था। वह चार जून को एक कार्यक्रम में शामिल होने अकेले गांव आया था। पत्नी व बच्चे मुम्बई में ही हैं। सोमवार को निसार दिन की तपती धूप तथा गर्मी की चपेट में आ गया। शाम को उसकी तबियत बिगड़ गयी। निजी चिकित्सक से दवा लेकर वह घर में आराम कर रहा था कि अचानक तबियत ज्यादा खराब हो गयी। लोग चिकित्सक के पास ले गए परन्तु उसकी मौत हो गयी।

  • तेरही के खर्चे को लेकर दो भाइयों में मारपीट

जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के जमैथा गांव में सोमवार की शाम को माँ की तेरही के खर्चे को लेकर दो भाइयों में जमकर मारपीट हो गयी जिसमे दोनों को चोटें आयीं हैं। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त गांव निवासी चम्पा देवी 67 वर्ष की मंगलवार को तेरहवीं थी। सोमवार की शाम को उसके बड़े बेटे सिन्दर राम ने छोटे भाई जोगेंद्र प्रसाद से माँ की तेरहवीं के लिए लगने वाले खर्चे को बताते हुए आधा पैसा देने को कहा। जोगेंद्र ने पैसा नहीं देने को कहा। इसी बात पर दोनों ने आपस में मारपीट कर लिया। दोनों को चोटे आयी। मंगलवार की शाम माँ की तेरहवीं में दोनों जमानत के बाद शामिल हुए।

  • गैंगेस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने कार जब्त की

जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान  के तहत संजय मौर्या पुत्र प्यारेलाल मौर्या निवासी ग्राम रुहट्टा थाना कोतवाली के विरुद्ध गौराबादशाहपुर पुलिस ने अपराध से अर्जित की गयी सम्पत्ति स्वीफ्ट डिजायर कार को जब्त करने के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित किया था जिसके क्रम में गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में गौराबादशाहपुर पुलिस टीम द्वारा सोमवार को जब्त कर लिया गया।

  • समाजसेवी ने गरीबों की मदद कर मनाया साठवां जन्मदिन

जौनपुर धारा, जलालपुर। स्थानीय विकास खंड के गांव भवनाथपुर के समाजसेवी दयाशंकर अपना 60वां जन्मदिन त्रिलोचन महादेव मंदिर पर दर्शन कर वहां पर उपस्थित पंडा व गरीबों को फल व वस्त्र वितरण कर मनाया। उसके बाद गरीब बस्ती में वंचित तबके के बीच पहुंचकर गरीबों में कपड़े फल व मिष्ठान खिलाकर उनके बीच जन्मदिन की खुशियां मनायीं। समाजसेवी दयाशंकर ने कहा कि मैंने गरीब बस्ती में जन्मदिन नहीं मनाया बल्कि गरीबों के बीच पहुंचकर मुझे जो आज एहसास हुआ उससे लगा कि यह मेरे लिए गरीब बस्ती नहीं ईश्वरी है जहां मुझे आत्मीयता की बरसात मिली। इस अवसर पर उदय भान मिश्र, अशोक सिंह, मनीष कुमार व अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • जल जीवन मिशन के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

जौनपुर धारा, खेतासराय। जल जीवन मिशन के तहत विकास खण्ड शाहगंज सोंधी मे दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन खण्ड विकास अधिकारी नंदलाल के नेतृत्व में किया गया जिसमे पहले दिन एडीओ कॉपरेटिव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 19, 20 दो दिन चलाया गया जिसमे हर घर नल जल योजना व हैंडपम्प के पानी की शुद्धता की जांच व पानी को बचाने, जल संरक्षण को लेकर जानकारी बृजेश सिंह ब्लाक क्वाडिनेटर के द्वारा  दी गई। इस मौके पर मीना रानी एडीओ आईएसबी, सुरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, लल्लन बिन्द, ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक, समूह की महिलाये आदि लोग मौजूद रहे।

  • रोजगार मेले का आयोजन को आज

जौनपुर धारा, जौनपुर। निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उ.प्र. के निर्देश के क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में 21 जून को प्रात: 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया गया है जिसमें निजी क्षेत्र की कम्पनी कीर्ति कुंज ऑटो मोबाइल, ब्राइट फ्यूचर आग्रेनिक प्रा.लि., विप्प्रो इलेक्ट्रानिक सर्विस, ओरियट इलेक्ट्रानिक सर्विस, एलआईसी आदि के द्वारा एकांउटेंट, कम्प्यूटर आपरेटर, सेल्स, मैंनेजर आदि के पदों पर भर्ती करेंगी, जिनकी शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इण्टर, आईटीआई एवं स्नातक उत्तीर्ण आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के अभ्यर्थियों को कैम्पस के माध्यम से सलेक्शन करेंगी। जिसमें अभ्यर्थी अपने योग्यतानुसार प्रतिभाग करते हुए। विभिन्न पदों पर साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार प्राप्त करें।

  • बाल कल्याण की टीम ने दो बाल विवाह को रोका

जौनपुर धारा, पवांरा। मंगलवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने बाल कल्याण विभाग को सूचना दिया कि थाना क्षेत्र के अन्तर्गत रामपुर सवाई गांव में दो नाबालिक लड़कियों का बाल-विवाह होने जा रहा है जिसे रोका जाना अति आवश्यक है। सूचना पर मानव तस्कर विरोधी इकाई के इन्सपेक्टर विभूति नारायण राय, जिला बाल संरक्षण इकाई से बाल संरक्षण अधिकारी चन्दन राय व थाने के बाल कल्याण अधिकारी की संयुक्त टीम उक्त स्थान पर पहुंची। टीम ने होने जा रहे बाल-विवाह को रोका और दोनों  बालिकाओं को बाल कल्याण समिति जौनपुर में प्रस्तुत किया गया। बालिकाओं के घर वालों को बताया गया कि जब लड़की 18 वर्ष की हो जायेगी तो तब ही शादी करियेगा अन्यथा इससे कम उम्र में करने पर बाल-विवाह की श्रेणी में आयेगा और लड़के की उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए। बाल-विवाह समाज के लिए एक अभिशाप है जिसे समाप्त किये जाने हेतु सभी का सहयोग आवश्यक है।

  • लू लगने से राजगीर की मौत

जौनपुर धारा, मुफ्तीगंज। मंगलवार की शाम लगभग चार बजे केराकत कोतवाली के बैलांव बाजार में लू लगने से लालचंद उर्फ भुल्लर चौहान उम्र 47 वर्ष निवासी गद्दीपुर सुचितपुर जो पेशे से राजगीर है की लू लगने से मौत हो गई। वह कार्य करने के लिए सुबह 8 बजे ही घर से निकला था। सूचना पर पहुंची केराकत पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

जानकारी के अनुसार लालचंद चौहान अपने घर से बेलांव बाजार की तरफ जा रहा था की बाजार के पास सड़क किनारे बैठ गया। काफी देर हो जाने के बाद स्थानीय लोगों ने जब जगाने का प्रयास किया तो वह मृत हालत में मिला। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही मृतक की शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के पास दो लड़के एक लड़की है किसी की शादी नही हुई है। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। केराकत कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया की प्रथम दृष्टया लू लगने से ही मौत लग रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

  • गेट न खोलने पर दबंगों ने गेटमैन को पीटकर किया घायल

जौनपुर धारा, खेतासराय। खेतासराय-मिहरावां स्टेशन के बीच मानीकला हाल्ट के पास मंगलवार को दबंगों ने क्रासिंग के गेटमैन की पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल गेटमैन का पीएचसी सोंधी पर उपचार कराने के बाद पिटाई करने वालों की तलाश में जुट गई। मानीकला हाल्ट के पास गेट संख्या 52 सी पर मंगलवार की दोपहर गेटमैन दीनदयाल निवासी ग्राम कमालपुर सोनहरा थाना बरदह जिला आजमगढ़ की ड्यूटी थी। दोपहर दो बजे दो ट्रेनों के आवागमन के चलते गेटमैन ने गेट बंद कर दिया। एक ट्रेन गुजरने के बाद दो बाइक सवार पांच की संख्या में युवक गेट खोलने के लिए गेटमैन दीनदयाल पर दबाव बनाने लगे। गेटमैन ने बताया कि अभी एक और ट्रेन आ रही है दूसरी ट्रेन गुजरने के बाद गेट खुलेगा। इस पर बाइक सवार दबंगों ने गेटमैन की पिटाई कर दी।

Share Now...