- पत्रकार सुरेश यादव के पिता का निधन
जौनपुर धारा, चंदवक। क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी पत्रकार सुरेश यादव के पिता राजनरायन यादव (95) का शुक्रवार दस बजे निधन हो गया। वह काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। पुलिस विभाग में निरीक्षक पद से 1989 में अवकाश ग्रहण करने के पश्चात परिवार संग घर पर ही रहते थे। निधन का समाचार मिलते ही शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। लोग उनके घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारों ने वरिष्ठ पत्रकार रामजनम पटेल की अध्यक्षता में बैठक कर निधन पर दु:ख प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर लाल साहब सिंह, जय प्रकाश पाण्डेय, विनय सिंह, त्रिलोकी गुप्ता, संजय, संजय यादव, राजू यादव, आनन्द कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
- जयंती पर याद किये गये बाबा साहब अम्बेडकर
जौनपुर धारा, सुजानगंज। बाबा साहब डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर शुक्रवार को वित्तविहीन प्रबंधक संघ ब्लॉक अध्यक्ष मंगला प्रसाद गिरी के नेतृत्व में डाक्टर अम्बेडकर की जयंती पर शुक्रवार को सुबह संघ के पदाधिकारियों द्वारा शान्ति नगर बाजार के अम्बेडकर पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। वक्ताओं द्वारा उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मंगला प्रसाद गिरी, संरक्षक एमपी पटेल, डॉक्टर विद्यासागर त्रिपाठी, महामंत्री अखिलेश सिंह, सचिव विनय कुमार शर्मा, संतोष कुमार पटेल, प्रशांत यादव, पारसनाथ पासी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
- डॉ. अम्बेडकर का मनायी गयी 132वीं जयंती
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। धमार्पुर विकासखंड में शुक्रवार को डॉक्टर अंबेडकर जयंती मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने डाक्टर अम्बेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब महिलाओं के उद्धारक, सभी को शिक्षा का अधिकार दिलाने वाले, भारतीय संविधान के शिल्पकार, आधुनिक भारत के निर्माता, पीड़ित मानवता के मसीहा, विश्व का ज्ञानदीप, सिंबल ऑफ नॉलेज, फादर ऑफ जस्टिस थे। उन्होंने संविधान में विशेष रूप से आर्टिकल 17 और आर्टिकल 14 जोड़ा जो प्रत्येक नागरिक को समता और बराबरी का कानूनी अधिकार प्रदान करता है। उक्त अवसर पर एडीओ पंचायत लालजी राम, उमेश सोनकर, स्वतंत्र कुमार, विमलेश, बरकत अली, दिनेश कुमार, राजेंद्र शर्मा ने अपने अपने विचार व्यक्त किए।
- डा. अम्बेडकर की मनायी गयी जयंती
जौनपुर धारा, नौपेड़वा। बक्शा थाना क्षेत्र में नि:शुल्क पहल पुस्तकालय बेलापार में शुक्रवार को भारत रत्न डां. भीमराव आम्बेडकर की 132वीं जयंती मनाई गयी। देश एवं सामाजिक समावेश में अम्बेडकर की भूमिका पर प्रतियोगी छात्र एवं छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथी जयकिशुन यादव अध्यापक ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए छात्रों को प्रेरणा प्रदान किया। मन्दिर जाने वाले लोगों की लंबी कतारें जिस दिन पुस्तकालय की ओर बढ़ेगी उस दिन मेरे इस देश को महाशक्ति बनने से कोई रोक नहीं सकता है।
नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में सैकड़ों मरीजो की हुई जांच
जौनपुर धारा, जफराबाद। क्षेत्र के शिवपुर प्राथमिक विद्यालय पर शुक्रवार को नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया जिसमें सैकड़ो लोगों को लाभ मिला। बीएचयू के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ओपी मौर्या के द्वारा शिविर में आये मरीजों के आंखों की जांच की गयी। आंख के जांच के बाद जहां दर्जनों लोगों की आंखों के लिये दवा चार दर्जन लोगों को चश्मा तथा कुछ मरीजों के आंख का ऑपरेशन करने को कहा। लोगों को यह सुविधा नि:शुल्क दी जाएगी। कार्यक्रम के आयोजक हेमन्त कुमार सिंह व बृजेश कुमार सिंह रहे। इस मौके पर डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. संजय सिंह, डॉ. प्रमोद सिंह, शशिकांत सिंह, लल्लन प्रजापति आदि मौजूद रहे।
- दो के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, पवांरा। थाना क्षेत्र अन्तर्गत मैना तिराहा बोड़ेपुर के पास गुरुवार की शाम अमर बहादुर सरोज पुत्र तीर्थराज सरोज निवासी सरायबीका थाना पवांरा व अमित सरोज पुत्र देवराज सरोज निवासी नरसिंहपुर थाना पवांरा खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे कि तभी नशे में धुत संदीप पटेल, मनोज पटेल निवासीगण बीरबलपुर सोंगरा थाना पवांरा आकर दोनों को जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां देने लगे। मना करने पर लात-घूंसों व लाठी-डण्डों से मार पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सतहरिया ले जाकर प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस पीड़ित अमर बहादुर सरोज की तहरीर के आधार पर उपरोक्त दोनों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।



