- जमीनी विवाद में हुई मारपीट के दौरान दर्जन भर घायल, दो रेफर
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के सवायन गांव में जमीनी विवाद को लेकर शनिवार सुबह हुई मारपीट के दौरान दोनों पक्षों से लगभग दर्जन भर लोग घायल हो गए। जिसमें दो की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इधर सूचना पाकर पुलिस विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि उक्त गांव में शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी हो गई, मामला इस कदर बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष से सुनील, छोटेलाल, सुमित्रा, प्रेमा, शुभम, हिमांशु व संजय व दूसरे पक्ष से श्री राम, सुनीता, प्रीति और लखन्दर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भिजवाया गया, जहां सुमित्रा और प्रीति की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस सूचना के आधार पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
- ट्रक की चपेट में आने से वृद्धा की मौत
जौनपुर धारा, मड़ियाहूं। स्थानीय नगर के बाईपास स्थित चंडिका माता मंदिर चौराहा के पास शनिवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को कुछ दूर छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव निवासी अमरावती देवी 62 वर्ष अपने भतीजे पप्पू गौतम के साथ बाइक से दवा लेने के लिए मडियाहू आ रही थी। वह जैसे ही उक्त स्थान पर पहुंची विपरीत दिशा से आ रही ट्रक की चपेट में आ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ट्रक को कुछ दूर आगे छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजते हुए ट्रक को कोतवाली ले आई।



