- परिषदीय विद्यालयों पर भी पड़ रहा बुरा असर
- बोले खंड शिक्षा अधिकारी, जल्द ही टीम बनाकर इन विद्यालयों पर होगी कार्रवाई
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। धर्मापुर व गौराबादशाहपुर क्षेत्र में धड़ल्ले से गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का संचालन हो रहा है। ऐसी स्थिति में इन विद्यालयों की वजह से ग्राम पंचायतों में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। एक तरफ जहां जिलाधिकारी के निर्देश पर हर रोज बदलापुर, महराजगंज, डोभी, सुजानगंज आदि क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा लगातार अभियान चलाकर गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस देकर एक सप्ताह में बंद करवा रहे हैं वहीं धर्मापुर व गौराबादशाहपुर क्षेत्र में कई विद्यालयों का संचालन हो रहा है जिनको मान्यता नहीं मिली है। कुछ ऐसे भी विद्यालय चल रहे हैं जो कक्षा पांच तक की मान्यता लेकर कक्षा 8 तक कक्षाएं संचालन कर रहे है। वहीं कुछ संचालक जूनियर हाईस्कूल की मान्यता लेकर इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं चला रहे है। यही नहीं क्षेत्र में कई ऐसे भी विद्यालय हैं जो तीन-चार वर्षों से चल रहे हैं किंतु उनकी कोई मान्यता नहीं है। क्षेत्र के कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का कहना है कि इन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का प्रभाव परिषदीय विद्यालयों पर सीधा पड़ रहा है। जबकि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में योग्य शिक्षक बच्चों को शिक्षा की तालीम दे रहे हैं। इस सम्बंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी धर्मापुर अरविंद यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जल्द ही टीम बनाकर ऐसे विद्यालयों को नोटिस दिया जाएगा। यदि एक सप्ताह में संचालन बंद नहीं हुआ तो खुद ऐसे विद्यालयों को बंद करवाया जाएगा।


