दो बाइकों में हुई भिड़न्त, महिला घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत कुंवरपुर सरकारी अस्पताल के पास रविवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे दो बाइकों में जोरदार भिड़न्त हो गयी जिसमें एक बाइक पर सवार शिमला सिंह (55) पत्नी स्व. रामकृपाल सिंह निवासी प्रजापतिपुर थाना दलीपुर जिला प्रतापगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गयी जबकि दूसरा बाइक चालक मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। लोगों की मदद से उसे पीएनसी की एम्बुलेन्स द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मछलीशहर पहुंचवाया गया जहां चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सर्पदंश से पांच वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में कोहराम
जौनपुर धारा, जौनपुर। स्थानीय नगर के मोहल्ला नई बाजार में रविवार की सुबह विषैले सांप के डसने से एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताते हैं कि नगर के नई बाजार मोहल्ला निवासी पांच वर्षीय जय गुप्ता पुत्र भीम गुप्ता को रविवार की सुबह सुबह किसी विषैले सांप ने डस लिया जिससे वह अचेत हो गया। सांप डसने की सूचना मिलते ही परिवार में अफरा तफरी मच गई। उसकी तबीयत खराब होती देख आनन फानन में परिजन उसे उपचार हेतु पीएचसी ले आए जहां उसे देखते ही चिकित्साधिकारी ने मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जयमाल के दौरान हुई फायरिंग में किशोरी व युवक घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मिरशादपुर गांव में बीती रात आई बारात में जयमाल कार्यक्रम के दौरान तमंचे से हुई फायरिंग में करीब 11 वर्षीय एक किशोरी और एक युवक घायल हो गए जिसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक मिरशादपुर गांव निवासी कमलेश निषाद ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्यवाई की मांग करते हुए हाकि शनिवार को उनकी बहन की शादी थी। बक्शा थाना क्षेत्र के काजी नेवादा गांव से बारात आई थी। रात्रि करीब 1 बजे जयमाल कार्यक्रम के दौरान किसी ने तमंचे से फायरिंग कर दिया वहीं जयमाल पर मौजूद उनके रिश्तेदार की बेटी रूबी बिंद 11 वर्ष के पेट में और ऊदपुर गेल्हवा निवासी नन्हकऊ सरोज के पैर की एड़ी में गोली लगने से दोनों घायल हो गए जिनका उपचार जिले के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है।
एटीएम संचालक ने एक जालसाज को दबोचा, दो फरार
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर के आजमगढ़ मार्ग स्थित महिला अस्पताल के सामने एटीएम पर जालसाजी से हजारों रुपया पार कर देने वाले तीन जालसाजों को एटीएम संचालक ने पकड़ने का प्रयास किया जिसमें दो भाग निकलने में कामयाब हो गए जबकि एक आरोपित को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है। पुरानी बाजार मोहल्ला स्थित सूफियान अहमद पुत्र फरियाद दो कम्पनी के एटीएम का संचालन करते हैं। पूर्व में बीते नौ जनवरी को जालसाजों ने 20 हजार रुपये और महीने भर पूर्व 9 मई को आठ हजार रुपये पार कर दिया था। दो घटनाओं के बाद संचालक जालसाजों पर निगाह रखे हुए थे। रविवार की सुबह सिल्वर रंग की बाइक से पहुंचे दो युवक और उनके पीछे पहुंचा एक तीनों एटीएम में दाखिल हुए। संचालक ने सीसी टीवी पर देखा तो उसे शक हुआ। एटीएम पर पहुंचकर पूछताछ शुरू की इस दौरान दो जालसाज चकमा देकर भाग निकले। एक जालसाज को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसके साथियों और एटीएम जालसाजी के बाबत पूछताछ में जुटी है। फिलहाल समाचार सम्प्रेषण तक पीड़ित संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका था।
मन की बात सुन निहाल हुए लोग
जौनपुर धारा, जौनपुर। रविवार को हुई मन की बात कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के कटघर गांव में लोग अपने प्रधानमंत्री की बात को सुनकर निहाल हो उठे। अरसिया मंडल उपाध्यक्ष अवधेश दूबे के नेतृत्व में रविवार को हुई मन की बात कार्यक्रम में लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। उक्त कार्यक्रम में अपने प्रधानमंत्री की पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता बात पर लोग प्रभावित हुए। जहां लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति कटिवद्धता प्रकट की वहीं प्रधानमंत्री द्वारा खेल की चर्चा पर युवा श्रोता उत्साहित हो उठे। इस दौरान तुलसीराम, रामभुवन यादव, केशव दूबे, अजय मिश्रा, महेश, दीपक, दिवाकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



