जौनपुर धारा, महराजगंज। मुकद्दस माहे रमजान चल रहा है। गर्मी में लोग रोजा रख अल्लाह की इबादत कर रहे हैं। एक ओर जहां बड़े लोग रोजा रख रहे हैं तो दूसरी ओर छोटे बच्चे भी रोजा रख कर अपने रब की इबादत कर रहे हैं। क्षेत्र के केवटली बाजार निवासी अंसार अहमद उर्फ शेबू का परिवार अन्य लोगों की तरह ही रोजे रख रहा है, लेकिन इस परिवार को खास बनाया है 7 साल के मोहम्मद वैस उर्फ गोलू ने जिसने पहला रोजा रखा है। परिवार में सभी सदस्यों को पांच वक्त की नमाज पढ़ते देख मोहम्मद वैस उर्फ गोलू भी अदा कर रहा है। कम उम्र के बच्चों द्वारा रोजा रखने से लोग हैरान हैं। गोलू भी अपने परिवार वालों के साथ सुबह तीन बजे से सेहरी खाने के लिए उठा और सेहरी खाकर फिर कुरआन की तिलावत में जुट गया। बच्चों द्वारा रोजा रखा जाना अपने आप में बड़ी बात है। मुसलमानों के लिए रोजा बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस माह में अल्लाह अपने नेक ब्ान्दों के लिए अपनी रहमत के दरवाजे खोल देता है। बच्चे भी अल्लाह को राजी करने के लिए रोजे रख रहे हैं इबादत कर रहे हैं। यह सब अल्लाह का करम है सभी उसके शुक्रगुजार हैं।
मासूम बच्चों ने रखा रोजा, देश की तरक्की के लिए मांगी दुआ

जौनपुर धारा, जलालपुर। रमजान माह में तपती धूप की परवाह किए बिना नन्हे मुन्ने बच्चों ने भी रोजा रखा। अल्लाह और उसके रसूल की रजा हासिल करने के लिए भूख और प्यास की शिद्दत बर्दाश्त कर बच्चों ने देश की तरक्की के लिए दुआएं मांगी। क्षेत्र के महिमापुर गांव के निवासी 9 वर्षीय सनवेग, अंशवेग एवं अयान ने भीषण गर्मी की परवाह किए बिना रोजा रखा। परिवार के बड़े लोगों ने भी बच्चों की हौसला अफजाई की। शाम को इफ्तार के वक्त बच्चों के चेहरे पर खुशी की झलक रही। बच्चों ने रोजा खोलकर देश में अमन चैन के लिए अल्लाह से दुआएं कीं। कई बच्चों ने तो पहली बार रोजा रखा है।



