- सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई गई वीपी सिंह की जयंती
- पॉलिटेक्निक चौराहे से हुआ सामाजिक न्याय यात्रा का शुभारंभ
जौनपुर धारा, जौनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की जयंती रविवार को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर शहर में सामाजिक न्याय यात्रा निकाली गई जिसमें तमाम लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। पॉलिटेक्निक चौराहे से शुरू हुई यात्रा ओलंदगंज, शाही पुल, नवाब युसूफ रोड, पुरानी बाजार होते हुए मल्हनी बाजार में समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने वीपी तेरे सपनों को मंजिल तक पहुंचाएंगे, जय वीपी जय मंडल के नारे लगाते चल रहे थे। यात्रा से पूर्व पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट स्थित एक होटल में संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया जहां पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के चित्र पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने पिछड़े और दबे कुचले समाज के उत्थान के लिए मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कर ऐतिहासिक काम किया है। मंडल आयोग की सिफारिशों के लागू होने के बाद पिछड़े समाज की सामाजिक और आर्थिक दशा बदली है पर अफसोस की बात यह कि सामाजिक न्याय का इतना बड़ा नायक जिस सम्मान का हकदार है उसे नहीं मिल सका है। संगोष्ठी को युवा नेता अश्वनी कुमार यादव, कमलेश यादव, अनिल दीप चौधरी, राजनाथ यादव, रघुवंश यादव, राजबहादुर यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आशीष यादव, पवन कुमार, दिनेश चंद्र पाल, बबलू विश्वकर्मा, संतोष मौर्य, शिवधारी प्रजापति आदि मौजूद थे।



