- कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत के ताखा पूरब गांव निवासी एक विवाहिता ने पुलिस को दी गयी तहरीर में अपने पति व सास ससुर पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्र के ताखा पूरब गांव निवासी विवाहिता ज्योत्सना पाठक ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसका विवाह हिंदू रीति रिवाज से 2017 में आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के अमानी सरदहा के सैदपुर गांव निवासी आनन्द तिवारी पुत्र राम प्रवेश तिवारी के साथ हुआ था। शादी के दौरान विवाहिता के पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया था। शादी के बाद ससुराल में लगभग एक वर्ष खुशी से अपना जीवन यापन विवाहिता ने किया। दोनों से एक पांच वर्षीय पुत्री ऋचा भी है। विवाहिता का आरोप है कि शादी के एक वर्ष बाद पति आनन्द व ससुर राम प्रवेश व सास दुर्गा दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे और कहाकि तुम्हारे पिता ने हमको कुछ भी नहीं दिया है। दहेज मांग कर लाओ नहीं तो तुमको जान से मार देंगे। बीते 5 अगस्त रात तकरीबन 11 बजे जब पीड़िता का पति आनन्द कहीं बाहर से घर पहुंचा और पानी की मांग की। पानी देने पर पीड़िता के ऊपर फेंक दिया और गाली-गलौज करते हुए मायके से दहेज मांग कर लाने की बात कही। नहीं लाने पर तीनों लोगों ने मिलकर महिला की पिटाई की। शोर की आवाज सुनकर अगल बगल के लोग मौके पर पहुंचे और समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। घटना की जानकारी मायके पक्ष को हुई तो मायके पक्ष के लोगों ने आजमगढ़ स्थानीय पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी देते हुए विवाहिता को अपने साथ घर ले आए। विवाहिता ने 7 अगस्त को घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दिया। पुलिस ने मारपीट गाली-गलौज समेत दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।



