- सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना का हुआ भव्य समापन
जौनपुर धारा, खुटहन। राम करन इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन नौली में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर के समापन दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रधान कैराडीह श्याम बहादुर यादव ने स्वयं सेवक/सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा योजना से छात्रों में सामाजिकता तथा उत्तम चारित्रिक गुणों का विकास होता है। शिविर के प्रत्येक दिवस पर स्वयं सेवकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, साक्षरता एवं अच्छे स्वास्थ्य हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को कई बिंदुओं पर जागरूक किया गया। टिकरी खुर्द, बडनपुर, नौली जहारुद्दीनपुर आदि गांवों में महिलाओं को स्वच्छता, नशामुक्ति, प्रौण शिक्षा के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्वयं सेवकों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम अधिकारी यादवेंद्र प्रसाद यादव ने कहा एनएसएस एक मिशन है जिसके माध्यम से स्वयं सेवकों के अंदर देशप्रेम और मानवता की भावना का संचार किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र कुमार यादव और धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता राधेश्याम, राहुल, केसी यादव, निशा, प्रियंका, दुर्गेश नंदिनी, अंतिमा, शिवप्रसाद, अमित यादव, कृष्णा चंद्र आदि लोग मौजूद रहे।



