- आवश्यक कार्य के लिये गमछा से ढक कर निकल रहे लोग
जौनपुर धारा,जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच अप्रैल का अन्तिम सप्ताह लोगों को अब भारी पड़ रही है। अप्रैल माह के अंतिम दिन बढ़ती गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। शुक्रवार को जनजीवन बेहद प्रभावित रहा। सूरज की तपिश के कारण लोग घरों में दुबके रहें। दोपहर के समय शहर की सड़कें सुनसान रही। लोग गर्मी से बचाव को लेकर घरों में दुबके हुए नजर आए। दौड़ती-भागती नजर आने वाले जौनपुर में आजकल दोपहर के समय लॉकडाउन जैसे महौल रहता है। ये सूरज की तपिश का असर है जिसकी वजह से लोग घरों, दुकानों और दफ्तरों में कैद रहना बेहतर समझ रहे हैं। भीषण गर्मी में जिन्हें घर से बाहर निकलना पड़ रहा है, उनके लिए खुद को लू के थपेड़ों से बचाने में मुश्किल हो रही है। ऊपर जलता सूरज-नीचे गर्म हवाओं वाली लू से लोग झुलस रहे हैं। ऐसे में न राहत का कोई रास्ता बचा, न बचाव की कोई तरकीब काम कर रही। झुलसा देने वाली गर्मी से अगले कई दिनों में राहत मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है। सुबह सूरज निकलने के साथ ही तापमान बढ़ना शुरू हो जाता है। दस बजे के बाद से तो आसमान से मानों आग बरसने लगती है। तपिश के चलते घरों से बाहर निकलने में भी दिक्कतें होती हैं, पंखे भी गर्म हवा देने लगते हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इस मौसम में उल्टी व दस्त के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। इस दौरान लोग जरूरी काम से ही निकल रहें हैं तो सर पर गमझा से अच्छी तरह ढक कर ही निकल रहें हैं। गर्मी के चलते जहां इंसान परेशान है, वहीं पशु पक्षी भी बेहाल हैं। गर्मी के तेवर देख अभिभावक यह कहने को मजबूर हैं कि अभी ही ये हाल है तो आगे गर्मी का सामना कैसे होगा। भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र में प्याऊ की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।