- लोकतन्त्र सेनानियों को अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित
जौनपुर धारा, जौनपुर। सीहीपुर स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में आपातकाल पर काला दिवस मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी रहीं। मुख्य अतिथि अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इतिहास में 25 जून का दिन भारत के लिहाज से महत्वपूर्ण है। देश में 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक की 21 महीने की अवधि के लिए आपातकाल लागू था। तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार की सिफारिश पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत देश में आपातकाल की घोषणा की थी। आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास के लिए किसी काले पन्ने से कम नहीं है। इस दिन को यादकर हर भारतीय का सिर शर्म से झुक जाता है। यह समय तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार की मनमानियों का दौर था। उस वक्त सरकार के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबा दिया गया था। पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कुछ कारणों से न्यायपालिका से टकराव शुरू हो गया था। यही टकराव इमरजेंसी की पृष्ठभूमि बना था। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में लोकत्रंत सेनानियों को अंगवस्त्र देकर राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिन्शु ने सम्मानित किया।



