- दूसरे फीडरो की आपूर्ति काट कुछ घंटे हो रही सप्लाई
जौनपुर धारा, खुटहन। विद्युत उपकेंद्र में संचालित चार फीडरों में रसूलपुर फीडर पखवाड़ा पूर्व जल गया था। पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी नया फीडर नहीं लगाया गया। जिसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली को लेकर तमाम फजीहतें झेलनी पड़ रही है। फीडर चालू कराने को लेकर हाल ही में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन भी किया था। बावजूद इसके जिम्मेदारों के द्वारा उसे ठीक नहीं कराया गया। उपकेंद्र का रसूलपुर फीडर बीते 10सितंबर को अचानक जल गया था। दो दिनों तक इससे सेवित दर्जनों गांवों में आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। बाद में उपभोक्ताओं के विरोध करने पर अन्य तीन फीडरो से अलग अलग समय में बिजली काट दो चार घंटे के लिए रसूलपुर फीडर में सप्लाई की जाने लगी। उपभोक्ताओं को जिम्मेदारों के द्वारा अब बन जायेगा, तब बनेगा जैसा कोरा आश्वासन मिलता रहा। पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी फीडर संचालित नहीं हो सका।जिसके चलते किसान, व्यापारी, छात्र सभी परेशान हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विधायक रमेश सिंह से भी किया। तब पर भी आपूर्ति सही नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी के साथ किसानों की तैयार धान की फसल की सिंचाई अब बहुत जरूरी है। जो बाधित चल रही है। इस संबंध में जेई से संपर्क का प्रयास किया गया तो मोबाइल पर घंटी बजती रही। लेकिन फोन नहीं उठाए।



