- खबर लिखे जाने तक शवों का नही हो सका शिनाख्त
- आजमगढ़ जिले के मेंहनगर की वंदना नाम से पंजीकृत है मोटरसाइकिल
जौनपुर धारा, जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल के समीप जोगियापुर में मंगलवार की शाम 6 बजे दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक व महिला की मौत हो गयी। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार टेलर ने पीछे से दोनों को रौंद दिया। चेहरा कुचल जाने के कारण मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार परिवहन विभाग की वेबसाइट से छानबीन करने पर बाइक मेंहनगर (आजमगढ़) की वंदना के नाम से पंजीकृत पायी गयी है। पुलिस इसी आधार पर पता लगाने का प्रयास कर रही है। चालक व टेलर का पीछा कर पुलिस ने सिपाह के पास पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार हेलमेट लगाए युवक व पीछे बैठी महिला हीरो डीलक्स बाइक पंजीयन नंबर यूपी-50 एएच-8399 से जेसीज चौराहा से आजमगढ़ की तरफ जा रहे थे। करीब छह बजे शास्त्री सेतु के पास से कचहरी लिंक रोड मोड़ के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे टेलर ने धक्का मार दिया। दोनों सड़क पर गिर गए तो रौंदते हुए सिपाह की तरफ निकल गया। पहिए के नीचे आकर सिर कुचल जाने से दोनों की मौके पर ही हृदय विदारक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सीओ सिटी कुलदीप कुमार गुप्ता, लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा मय फोर्स दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए। उधर, पुलिस ने पीछा कर सिपाह पुलिस चौकी के पास हादसा कर भाग रहे टेलर व उसके चालक को पकड़ लिया। सीओ सिटी कुलदीप ने बताया कि परिवहन विभाग की वेबसाइट पर बाइक का नंबर अपलोड करने पर वह ग्राम मालापार, मेंहनगर (आजमगढ़) की वंदना के नाम से पंजीकृत मिली। पते पर आजमगढ़ पुलिस से संपर्क कर सूचना दिए जाने के बाद भी अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।



