- पुलिस लाइन सहित अन्य नगर के घर-घर में सजेंगी झांकियां
- मूर्तियों के लिए खरीदारों की उमड़ रही है भीड़
जौनपुर धारा, जौनपुर। शहर के प्रमुख दुकानों पर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां जोरों पर चल रही है। गिफ्ट सेंटरों पर भी कान्हा की मूर्तियां सज गई हैं। माखन चोर के साथ विभिन्न लीलाओं की इन मूर्तियों के लिए खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। कान्हा के जन्म का उत्सव घर-घर में मनाया जाता है। कई घरों में भी बच्चों द्वारा जन्माष्टमी सजाई जाती है। इसके लिए बच्चों ने खिलौने निकालने शुरू कर दिए है। जिला कारागार और पुलिस लाइन परिसर में रंगारंग कार्यक्रम के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। मंदिरों और घरों में लोग श्रीकृष्ण की झांकी सजा कर जन्मोत्सव मनाएंगे। मध्यरात्रि के समय भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाके ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की’ के जयकारे से गूंज उठतें हैं।

जन्माष्टी को लेकर उत्साह के बीच तैयारियां शुरू होने के साथ ही बाजारों मूर्तियां और शृंगार के सामानों की दुकानें सज गई हैं। इस बीच विभिन्न मंदिरों में साफ सफाई होती है। जन्माष्टमी का त्योहार नगर के लगभग थानों में झांकी सजाकर मनाई जाती है। इस दौरान पुलिस लाइन में भी साफ सफाई के साथ पूजा पंडाल लगाया जा रहा है। यहां कृष्ण भगवान के जन्म की भव्य झांकी सजाई जाएगी। बाजारों में जन्माष्टमी को लेकर खरीदारी को लोगों की भीड़ नजर आई। वहीं मंदिरों में भी साफ-सफाई और सजावट का कार्य चल रहा है। पर्व से पूर्व श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना तथा घरों में झांकियां सजाने की तैयारी तेज कर दी। महिलाओं ने कान्हा को सजाने के लिए पोशाक, पगड़ी, बांसुरी, माला, कड़े आदि की खरीदारी करने में जुट गई हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर व देहात के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियों के अलावा झांकियां सजाने का सामान भी खरीदा जा रहा है।

शहर के पुलिस लाइन के अलावा, जिला कारागार, सरायपोख्ता चौकी, लाइनबाजार थाना सहित अन्य मंदिरों व घरों में सजावट की तैयारियां जोरों पर हैं। इन दिनों मुर्तियां बनाने वालों ने भी शहर में डेरा डाल दिया है। बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण रंग बिरंगे वस्त्रों में सजे हैं। पीतल के लड्डू गोपाल सुंदर वस्त्रों में सजकर पालने में झूल रहे हैं, तो वहीं मनमोहक बांसुरी बजाते कन्हैया भक्तों को रिझाते नजर आ रहे हैं। जन्माष्टमी पर झांकी सजाने के लिए भक्तों में खिलौनों की बहुत मांग है। लड्डू गोपाल के लिए मैक्रम का लटकाने वाला झूला, लकड़ी का झूला, पोशाकें, मुरली, घुंघुराले बाल, शीशा, जूतियां, पालना लाइटिंग गुब्बारे, सिंहासन, चारपाई, सिंहासन, माइकल जैक्सन टॉपी, नग से सजा चश्मा, माखन मटकी, लाइट झालर, कालिया नाग व अन्य खिलौने हैं।



