- रीठी सम्पर्क मार्ग से बरियाकी पाही तक चल रहा है निर्माण कार्य
जौनपुर धारा, सिकरारा। रीठी से बारिया की पाही तक जाने वाले सड़क मरम्मत कार्य का ग्रामीणों द्वारा शनिवार को विरोध किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत कार्य मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है। ग्रामीणों के विरोध की सूचना पर मौके पर पहुंचे सड़क निर्माण कम्पनी के अधिशासी अभियंता ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांचकर मरम्मत कार्य कराने वाले ठीकेदार को सड़क और बेहतर बनाने हेतु निर्देशित किया।
रविवार को दिन में लगभग 11 बजे बेलसड़ी, रामनगर, रीठी व खपरहां गांव से भारी संख्या में लोग सड़क मरम्मत कार्य में लगे रहे। ठीकेदार के सहयोगी से कार्य सही न होने की बात कर विरोध प्रदर्शन कर कार्य रोकने की मांग करने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने फोन से सूचना अधिशासी अभियंता सुनील मौर्य को भी देते हुए कहाकि कार्य मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है। पीडब्ल्यूडी से बन रहे सड़क मरम्मत कार्य की जांच करने पहुंचे अधिशासी अभियंता विभागीय कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क मरम्मत कार्य की जांच कर सम्बंधित ठीकेदार को निर्देशित किया कि कार्य में जो भी कमियां हैं उसे सुधार लें। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसे ही सड़क का निर्माण कार्य हुआ तो सड़क दो ही महीने में उखड़ जाएगी। अधिशासी अभियंता ने भरोसा दिलाया कि सड़क मरम्मत कार्य मानक के अनुसार ही होगा।



