अघोषित विद्युत कटौती से उपभोक्ता परेशान
- बिजली की आंख मिचौली ने बढ़ाई मुसीबत, गर्मी से लोगों का निकल रहा पसीना
जौनपुर धारा,जौनपुर। एक ओर जहां भीषण गर्मी का दौर जारी है जिसके कारण लोग बेहाल हैं। वहीं दूसरी ओर विद्युत कंपनी द्वारा नगर में की जा रही अघोषित विद्युत कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। हालात यह है कि छोटे-छोटे फाल्ट के नाम पर दिन भर में कई बार बिजली की कटौती शुरू हो गयी है। विगत वर्षों गर्मी के पहले ही विभाग सारी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर सूचारू रूप से बिजली आपूर्ति कराने का दावा करती रही है लेकिन जब मोहड़ा संभालने की बारी आती है तो यही लोग हाथ पैर खड़ा कर प्राइवेट संविदाकर्मियों के भरोसे आपूर्ति की कमान सौंपकर बरी हो जातें हैं। दिन में लाइट की कटौती से जहां नागरिक परेशान हैं वहीं शाम होते ही नगर में अंधेरा छा जाता है। रात के समय में भी लाइट की कटौती से नागरिकों की नींद हराम हो रही है। बिजली कटौती के चलते घरों एवं दुकानों के कूलर, पंखे, फ्रिज, एसी भीषण गर्मी में शो पीस बने हुए हैं। मच्छरों के प्रकोप से लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं। गर्मी तेज होते ही बिजली का संकट बढ़ता जा रहा है। दिन-रात अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शहर से लेकर गांव में रोजाना पांच से सात घंटे तक कटौती हो रही है। फाल्ट के कारण यह कटौती और बढ़ जाती है। भीषण गर्मी में बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शहर और कस्बों में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या शुरू हो गई है। रोस्टर के मुताबिक शहर में 24घण्टे व ग्रामीण क्षेत्रों में 18घण्टे बिजली की आपूर्ति होनी चाहिए। लेकिन बिजली की समस्या इस समय गर्मी के बाद दूसरी सबसे बड़ी चुनौती है। सुबह से लेकर रात तक कटौती और लो वोल्टेज ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। शहर में रात और दिन में कई बार बिजली चली जाती है। मंगलवार को ताड़तला क्षेत्र में 12बजे बिजली चली गई और अगले दिन ११ बजे तक नहीं आई। जानकारी करने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर से एक फेस खराब हो गया था। इसी प्रकार शाम और रात को कई बार अघोषित कटौती झेलनी पड़ी। विद्युत निगम के अफसरों के मुताबिक यहां कोई कटौती नहीं की जा रही है।
100 घण्टे से ज्यादा समय तक गायब बिजली
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के जमैथा गांव के चार पूर्वी के सैकड़ों घरों में 100घण्टे से ज्यादा समय से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। लोगों में गर्मी व पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उक्त गांव के बीच 100केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इस ट्रांसफार्मर से जमैथा गांव के पूर्वी बस्ती, पश्चिमी बस्ती, पोखरा, व पाल बस्ती के सैकड़ों पैरों को विद्युत आपूर्ति होती है। चार दिन पहले ट्रांसफार्मर का एमसीबी अचानक गिर गया। गांव वालों ने स्थानीय लाइनमैन राकेश यादव को कई बार फोन किया। वह आकर ट्रांसफार्मर देख कर बोला कि ट्रांसफार्मर का तेल गिर गया है इसी के कारण एमसीबी खुद गिर जा रहा है। इसमें तेल डालना पड़ेगा। गांव के लोग जब इस बात की शिकायत एक्सईएन से किया। गांव के लोग इस भीषण गर्मी में जहा जूझ रहे हैं। वहीं समरसेबल नहीं चलने से पेयजल का भी संकट आ गया है।


