पति, सास, ससुर सहित सात पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
जौनपुर धारा, खुटहन। विवाहिता को दहेज के लिए मारपीट कर प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और देवर सहित सात आरोपितों के खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
खुटहन गांव निवासी साधना देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उसका विवाह रोहित के साथ हुआ थ। पिता के द्वाराअपनी हैसियत के हिसाब से दान दहेज दिया गया था। ससुराल पक्ष शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बुधवार को उसके पति, सास विमला, ससुर फेंकू, जेष्ठ भानू और मदन तथा देवर साहुल व आलोक ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
जौनपुर धारा, खुटहन। शाहगंज वाया प्रयागराज राजमार्ग के बनुआडीह पोखरे के पास गत शनिवार को दो बाइको की टक्कर में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर टक्कर मारने वाले अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दिया है।
बनुआडीह गांव निवासी रजनीकांत दूबे ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका भतीजा आयूष दूबे बाइक से पड़ोसी सनी यादव को लिवाकर बाजार से घर आ रहा था। पोखरे के पास सामने से तेज गति से आ रही बाइक ने टक्कर मार दिया। जिसमें आयूष की मौके पर मौत हो गई थी। उपचार के दौरान सनी ने भी दम तोड़ दिया था।
वारंटी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के कल्याणपुर बाजार के पास पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से सूचना पर निरीक्षक हरिनारायण पटेल मय हमराह मौके पर पहुंच कर वारंटी शिवशंकर पुत्र बलई निवासी कल्याणपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दिया गया।
संपन्न हुआ धान खरीद कार्यशाला एवं ई-पीओपी मशीन का प्रशिक्षण कार्य
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी राम अक्षयबर चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद कार्यशाला एवं ई-पीओपी मशीन का प्रशिक्षण कार्य संपन्न हुआ। बैठक में डिप्टी आरएमओ द्वारा अवगत कराया गया कि धान खरीद की प्रक्रिया 1 नवंबर से प्रारंभ होगी जो 29 फरवरी 2024 तक चलेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य सामान्य धान का रू 2183 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड ए की धान का रू 2203 प्रति क्विंटल निर्धारित है। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया के सभी केंद्र प्रभारी समय से क्रय केंद्र खोले एवं उपस्थित भी रहे।किसानों के साथ शिष्टतापूर्ण संवाद एवं व्यवहार करें। इसके साथ ही सुनिश्चित करें कि किसानों को क्रय केंद्र पर अनावश्यक परेशान ना होना पड़े।इसके साथ ही उन्होंने एफसीआई और एसडबल्यूसी को सीएमआर के भण्डारण के लिए भी निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने डिप्टी आरएमओ, एआर कोऑपरेटिव, जिला प्रबंधक पीसीएफ एवं जिला प्रबंधक पीसीयू को क्रय केंद्रों के सतत निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किए जाने के भी निर्देश दिए। कार्यशाला में धान क्रय हेतु ई-पीओपी मशीन का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यशाला में डिप्टी आरएमओ एन.के.पाठक, एआर कोऑपरेटिव अमित पाण्डेय, डीएस पीसीएफ, डीएस पीसीयू एवं मंडी सचिव के साथ ही समस्त क्रय केंद्र की प्रभारी उपस्थित रहे।



