- एमएससी रसायन विज्ञान की कक्षाएं 16 से शुरू
जौनपुर धारा, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के रज्जू भैया संस्थान में एमएससी रसायन विज्ञान की सैद्धांतिक तथा प्रायोगिक कक्षाएं 16 अगस्त से कक्ष संख्या 204 द्वितीय तल पर रसायन विज्ञान विभाग में पूर्वाह्न 10 बजे से संचालित होगी। यह भी ज्ञात हो कि प्रवेश भी कुछ बची सीटों पर चल रहा है। इच्छुक प्रवेशार्थी रसायन विज्ञान विभाग एमएससी प्रवेश समन्यवक डॉक्टर मिथिलेश यादव से प्रवेश हेतु संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी विभागाध्यक्ष रसायन विज्ञान डॉक्टर प्रमोद कुमार ने दी है।
- महापुरुषों की मूर्तियों पर किया गया माल्यार्पण
जौनपुर धारा, शाहगंज। अमृत महोत्सव अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों द्वारा कोतवाली में महात्मा गांधी की मूर्ति, स्वामी विवेकानंद तिराहे पर स्वामी जी की मूर्ति एवं कोनिया ग्राम सभा में डा. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील अग्रहरि टप्पू, भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश जायसवाल, मनोज अग्रहरि, रामलीला अध्यक्ष संदीप जायसवाल, कौड़िया ग्राम प्रधान चन्द्रेश कुमार, मुस्तकिम अहमद, धीरज पाटिल, सिकंदर साहू अमित त्रिपाठी, गोपाल अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
- विभाजन विभीषिका दिवस आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रदेश में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन होगा। इस दौरान विस्थापित परिवारों को आमंत्रित कर त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। विभाजन विभीषिका दिवस के कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका टाउन हाल में शाम तीन बजे आयोजित होगा जिसके मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता अशोक कुमार पाण्डेय उपास्थित रहेंगे।
- मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम की विद्यालयों में रही धूम
जौनपुर धारा, जौनपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा एवं मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम आजादी का अमृत महोत्सव योजना के समापन समारोह में प्रदेश में कार्यक्रमों के आयोजन हेतु निर्गत दिशा-निर्देशों के क्रम मे 13 अगस्त को बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित समस्त 2807 विद्यालयों में रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के पश्चात भी मेरा माटी मेरा देश अभियान का आयोजन जनपद के समस्त विद्यालयों में किया गया। विद्यालयों में अध्ययनरत सभी छात्र विद्यालय में उपस्थित रहे। विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र छात्राओं हेतु मध्याह्न भेजन की विशेष व्यवस्था की गई। विद्यालयों द्वारा समस्त अध्ययनरत छात्र छात्रों के मध्य कविता गायन की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालयों मे आयोजित कविता गायन प्रतियोगिता मे उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन विद्यालयों द्वारा किया गया। उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालयों मे आगामी स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को पुरस्कृत किया जायेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा मेरा माटी मेरा देश अभियान कार्यक्रम के तहत कम्पोजिट विद्यालय डीह अशरफाबाद सुइथाकला, मे आयोजित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के जीवन पर आधारित भाषण/निबन्ध प्रतियोगिता मे प्रतिभाग किया गया।
- सड़क हादसे में पति पत्नी व पुत्री घायल
जौनपुर धारा, खेतासराय। अब्बोपुर में रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार पति पत्नी और उनकी पुत्री घायल हो गई। घायलों का निकट के निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के सूघरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामचंद्र अपनी पत्नी सुनीता और पुत्री करिश्मा को बाइक पर बैठाकर कहीं से घर लौट रहे थे। अब्बोपुर तिराहा के पास ब्रेकर पर बाइक असंतुलित होकर गिर गई जिसमें तीनों लोग घायल हो गए।
- करंट की चपेट में आने से बालक झुलसा
जौनपुर धारा, खेतासराय। क्षेत्र के खलौतीपुर गांव में रविवार को बुधिराम का 10 वर्षीय पुत्र अर्पित पंखा चलाने के दौरान करंट की चपेट में आ गया जिससे वह झुलस गया। परिजनों ने नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
- विफल साबित होगा विपक्षियों का गठबंधन – डा. सूर्य कुमार
जौनपुर धारा, खेतासराय। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सलाहकार एवं पूर्व कमांडेंट जनरल (महानिदेशक होमगार्ड) डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला ने कहा कि विपक्षियों का गठबंधन विफल साबित होगा। विपक्ष प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यों की हो रही सराहना को देख घबरा गया है। उन्होंने यह बातें रविवार को लखनऊ से जौनपुर की ओर जाते समय पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान कही। 1982 बैच के रिटायर आईपीएस डा. सूर्य कुमार शुक्ल ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा शासन में अपराध चरम पर था। आज मुख्यमंत्री योगी के राज में हर कोई अपने को सुरक्षित महसूस कर रहा है। आज पूरे प्रदेश में चिकित्सा व्यस्था में जो सुधार हुआ है वह अपने आप मे ऐतिहासिक है। लोगों को अब दवा के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। विपक्षी पार्टियों के महागठबंधन पर कहा कि विपक्ष सिर्फ सत्ता के लिए मंथन कर रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का पूरा विश्व गुणगान कर रहा है। केंद्र में पुन: बीजेपी सरकार बनेगी। इस मौके पर जगदंबा प्रसाद पाण्डेय, अखिलेश पांडेय, दीनानाथ राजभर, चंद्रशेखर राजभर, अमित सोनकर, सुरेंद्र पांडेय, मनदीप पांडेय, ब्रजेश पांडेय, शिव कुमार पांडेय मौजूद रहे।



