― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखतरों के निशान पर पहुँच गई अमृत योजना

खतरों के निशान पर पहुँच गई अमृत योजना

  • जेसीवी पलटने की घटना से लोगों में बढ़ी दहशत
  • आये दिन राहगीरों के सामने पड़ता है नया गड्ढा

जौनपुर धारा, जौनपुर। अमृत योजना के अर्न्तगत चल रहे सीवर पाइप लाइन कार्य में जमीन धंसने का सिलसिला लगातार जारी है। अभी तक तो इसकी मार राहगीर ही झेल रहे थे लेकिन रविवार को कार्यदायी संस्था की जेसीबी भी इसकी चपेट में आ गई। अचानक सड़क धंसने के कारण सद्भावना पुल पर खड़ी जेसीवी गड्ढे में पलट गई। घटना में ड्राइवर के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है।

अमृत योजना के तहत लम्बे समय से चल रहे कार्य ने शुरू से लेकर अब तक लोगों को सिर्फ कष्ट ही दिया है। इसकी खोदाई से तरह-तरह की परेशानियों ने लोगों को हैरान कर दिया है। पहले तो लोगों को धूल फांकना पड़ता था, लेकिन बरसात के दिनों में परेशानी का स्वरूप बदल गया है। इन दिनों नगर की हर गली गड्ढा व कीचड़ युक्त हो गयी है। जहाँ आये दिन बाइक लेकर गिरने जैसी छोटी-छोटी घटनाएं हो रहीं है। इधर दो दिन की मूसलाधार बारिश ने नगर के वीआईपी से लेकर आम क्षेत्रों की सड़कों की कलई खोल दी है।

सीवर पाइप लाइन के लिये खोदे गये स्थान की सड़के आये दिन धंसती ही जा रही है। हांलाकि अभी तक नगर में कोई बड़ी घटना तो नहीं घटी लेकिन रविवार को नगर के सद्भावना पुल रोड पर चल रहे सीवर पाइल लाइन कार्य के दौरान वहीं की जमीन धंसने से जेसीवी गड्ढे में पलट गई। इसके पीछे कारण यह है कि सड़के भीतर ही भीतर इस कार्य से खोखली होती जा रही हैं। साफ तौर पर देखा जा रहा है कि आज नगर के हर क्षेत्र में जमीने धंसने की घटनाएं आम हो गई हैं। घटना की जानकारी होते क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुँच गई। इस दौरान नगर के अन्य क्षेत्र एसपी आवास के ठीक सामने व लाइन बाजार रोड पर सड़क धंसने से बड़ा-बड़ा गड्ढा बना गया है। ऐसी घटनाएं लोगों की जान लेने के लिये काफी है। अगर यही हाल रहा तो राह चलते लोग काल के गाल में समा सकते हैं। ऐसे में हर सुबह लोगों का सामना एक नये गड्ढे से हो रहा है। जेसीवी घटना से राहगीरों में दहशत बढ़ गई है।

Share Now...