- भाजपा की टिफिन बैठक में राज्यमंत्री ने गिनायी केंद्र सरकार की उपलब्धियां
जौनपुर धारा, जौनपुर। रविवार को भारतीय जनता पार्टी सदर विधानसभा द्वारा आयोजित टिफिन बैठक नगर के साहू धर्मशाला में संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव व अतिथि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या रही। टिफिन बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा 9 साल बेमिसाल कार्यक्रम के अंतर्गत महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता डोर टू डोर जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की 9 साल की उपलब्धियों के बारे में बता रहे हैं और केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की चर्चा कर रहे हैं जिससे आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को लाभ मिल सके। बैठक में भाजपा नेता श्याम मोहन अग्रवाल ने कहा कि जितना विकास कार्य इन 9 वर्षों में हुआ है उतना पिछले 70 वर्षों में नहीं हुआ चाहे एक्सप्रेस हाईवे हो गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास हो, शौचालय हो या गरीबों को मुफ्त गैस सिलेंडर हो, गरीब कल्याण की सबसे ज्यादा योजना भारतीय जनता पार्टी सरकार में चलाई गई जिसका लाभ गरीबों को सीधे पहुंचा है। टिफिन बैठक को भाजपा के नगर अध्यक्ष दक्षिणी अमित श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष उत्तरी विकास शर्मा, विधानसभा प्रभ्ाारी आशीष गुप्ता ने भी संबोधित किया। बैठक के उपरांत खेल मंत्री व नगर पालिका अध्यक्ष सभी भाजपा कार्यकर्ता साथ मिलकर टिफिन का भेजन ग्रहण किया। बैठक का संचालन नगर अध्यक्ष उत्तरी विकास शर्मा ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से राजकेसर पाल, धर्मेंद्र मिश्रा, मदन सोनी, जिला महामंत्री अमित श्रीवास्तव, जिला मंत्री राजू दादा, अजय सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव, डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला, डॉ. रामसूरत मौर्या, शशि मौर्या, अंजू पाठक, शैल साहू, सारिका सोनी आदि कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



