जौनपुर धारा, मछलीशहर। मुंगराबादशाहपुर में रेलवे फाटक के कारण लगने वाले जाम से परेशान जनमानस, समाजसेवी जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में 4 जनवरी को मुंगराबादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00बजे तक धरना प्रदर्शन करने की अनुमति स्थानीय प्रशासन से मांगी है। उप जिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया को उक्त आशय से संबंधित ज्ञापन आज समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने आज तहसील में आकर दिया। ज्ञापन के जरिए मांग की गई की इटहरा-कोदहू बाईपास और रेलवे ओवर ब्रिज की मांग जनता बीते कई वर्षों से करती आ रही है। जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा 58करोड़ रूपया सार्वजनिक निर्माण विभाग के खाते में भेजा जा चुका है और तत्कालीन एसडीएम विजय बहादुर सिंह ने मौके पर पत्थर गड्डी भी करवा दी थी। लेकिन जनता के सारे प्रयास तब व्यर्थ साबित हुए जब इटहरा-कोदहूं बायपास मार्ग निर्माण में अपनी जमीन देने वाले किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पाया और मजबूरी में किसानों ने हाई कोर्ट से स्थगनादेश ले लिया। मुंगराबादशाहपुर में जाम की समस्या बगैर रेल ओवर ब्रिज बने दूर नहीं हो सकती। ज्ञापन के जरिए मांग की गई की इटहरा कोदहूं बाईपास मार्ग का निर्माण और रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की सभी बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए। यदि 4 जनवरी तक मांगे नहीं मानी जाती है तो मुंगरा बादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी मांगे पूरी न होने पर 4 फरवरी को और पुनः 4 मार्च को भी रेल रोको आंदोलन होगा। कहा कि 10वर्षों से जाम से परेशान जनमानस सांकेतिक आंदोलन मुंगराबादशाहपुर में करती आ रही है। लेकिन सरकार सुन नहीं रही है, इसलिए अब रेल रोको आंदोलन और धरना प्रदर्शन के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। जज सिंह अन्ना ने इसका ज्ञापन उप जिलाधिकारी को प्रत्यक्ष देने के अलावा मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, डीआरएम लखनऊ को भी भेजा है। गृह मंत्रालय भारत सरकार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अध्यक्ष जया वर्मा रेलवे बोर्ड नई दिल्ली, पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन की प्रतिलिपि भेज कर कार्यवाही की मांग की है।
― Advertisement ―
जौनपुर में जन्माष्टमी का उत्सव, मंदिरों से पुलिस लाइन और जिला जेल तक विशेष आयोजन
जौनपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिलेभर में उत्साह रहा। मंदिरों, पुलिस लाइन और जिला जेल में विशेष आयोजन हुए, जबकि बाजारों में लड्डू गोपाल की पोशाक और श्रृंगार सामग्री की मांग बढ़ी।

