जौनपुर धारा, पवांरा। जबसे पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा ने जिले की कमान संभाली है तब से वह कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दे रहे हैं। बीते 30/31 मार्च की रात्रि थाना क्षेत्र अन्तर्गत देवकीपुर में चोर रमेश पाल की मशीन का इंजन उठा ले गये थे और उसी रात्रि चोर उक्त गांव निवासी कालूराम पाल की भी मशीन का इंजन उठा ले गये। सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची थी और जांच-पड़ताल में जुट गयी थी। पीड़ित का कहना है कि लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस इंजन चोरों का पता नहीं लगा पायी है। आये दिन हो रही चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में है।
तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मोपेड सवार घायल
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। क्षेत्र के बाईपास पर मंगलवार की दोपहर में हुए एक हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने मोपेड सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी जिसकी वजह से मोपेड सवार घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। बताया जाता है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर निवासी चंदन कुमार 22 किसी कार्य से आजमगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार बोलेरो के धक्के से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोपेड सवार युवक के सिर व पैर में गंभीर चोटें आई है। चौकी इंचार्ज रामजी सैनी ने बताया कि घायल युवक को अस्पताल भेजवाया गया है तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।


