Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर पूर्वांचल विश्वविद्यालय सख्त

सम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर पूर्वांचल विश्वविद्यालय सख्त

  • केंद्राध्यक्ष नियुक्ति व सीसीटीवी मॉनिटरिंग में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर परीक्षाओं के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन को लेकर संबद्ध महाविद्यालयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंतरिक व प्रायोगिक अंक समय से अपलोड न करने, परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष नियुक्त न करने तथा सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल से न जुड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मंगलवार को विश्वविद्यालय के सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष में कुलपति प्रो. वंदना सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, कुलसचिव केशलाल तथा प्रो. मनोज मिश्र ने ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न महाविद्यालयों में चल रही परीक्षाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही परीक्षा नियंत्रक ने जौनपुर के केडीएस महाविद्यालय और श्रद्धा शंकर महिला महाविद्यालय का भौतिक निरीक्षण भी किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कुलपति ने स्पष्ट किया कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा बीएससी (एग्रीकल्चर), एमएससी (एग्रीकल्चर), बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों के आंतरिक व प्रायोगिक अंक पोर्टल पर अपलोड न करने वाले महाविद्यालयों के खिलाफ विश्वविद्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। परीक्षा नियंत्रक ने ‘कठोर चेतावनी’ जारी करते हुए सभी संबंधित कॉलेजों को 23 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा की शुचिता और निगरानी को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि जिन महाविद्यालयों ने अभी तक अपने परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल से नहीं जोड़ा है या केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति नहीं की है, उन्हें 23 अप्रैल तक अंतिम अवसर दिया गया है। इसके बाद भी निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।