महिला छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित महिला छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीराबाई छात्रावास में छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। कुलपति के साथ भोजन करने पर छात्राओं में भी उत्साह नजर आया।
भोजन के दौरान कुलपति ने छात्राओं से छात्रावास में मिल रही सुविधाओं, पठन-पाठन और अध्ययन के माहौल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से छात्रावास में आने वाली समस्याओं के बारे में भी पूछा।
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने अधिकारियों और वार्डन को छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के साथ छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने छात्रावास में आने वाले अभिभावकों की सुविधा के लिए निर्धारित कक्ष में एसी लगवाने के निर्देश भी दिए। कुलपति ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिलना चाहिए। छात्राओं की आवश्यकताओं और सुविधाओं का नियमित रूप से ध्यान रखा जाना जरूरी है।
इस दौरान कुलपति ने द्रौपदी, मीराबाई और रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावासों की वार्डन डॉ. कृष्णा सिंह, डॉ. निमिषा यादव और डॉ. जया शुक्ला से छात्रावासों की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर चीफ वार्डन प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. वनिता सिंह और डॉ. श्वेता पांडेय मौजूद रहीं।


