जौनपुर : Veer Bahadur Singh Purvanchal University ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए ‘साथी’ नामक नई पहल शुरू की है। बुधवार को विश्वविद्यालय के वैलनेस सेंटर द्वारा संचालित इस अभियान का जागरूकता पोस्टर कुलपति Prof. Vandana Singh ने जारी किया।
कुलपति ने कही महत्वपूर्ण बात
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने केवल शैक्षणिक चुनौतियां ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक दबाव भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों को सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन ही बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नींव है तथा विश्वविद्यालय चाहता है कि प्रत्येक छात्र स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और समर्थ महसूस करे।
छात्रों को मिलेगा पेशेवर सहयोग
वैलनेस सेंटर के समन्वयक एवं व्यावहारिक मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष Prof. Ajay Pratap Singh ने बताया कि पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया है कि वे मानसिक तनाव, अवसाद, भय या किसी भी प्रकार की परेशानी को मन में दबाने के बजाय साझा करें।
पोस्टर में परीक्षा और करियर का दबाव, असफलता का डर, घर की याद, रिश्तों में तनाव, साइबर बुलिंग तथा भविष्य को लेकर चिंता जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है, जिनसे बड़ी संख्या में युवा प्रभावित हो रहे हैं।
छात्रावासों और विभागों में लगाए जाएंगे पोस्टर
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस पोस्टर को सोशल मीडिया के साथ-साथ छात्रावासों, अध्ययन कक्षों और विभिन्न विभागों के डिस्प्ले बोर्ड पर भी लगाया जाएगा।
वैलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी Dr. Annu Tyagi ने कहा कि विद्यार्थियों की सभी बातचीत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उन्हें बिना किसी भेदभाव और पूर्वाग्रह के सहायता प्रदान की जाएगी।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की मानसिक समस्याओं से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +91 7518200147 जारी किया है।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थी:
- टेली-मानस हेल्पलाइन: 14416 / 1-800-891-4416
- किरण हेल्पलाइन: 1800-599-0019
- साइबर अपराध एवं वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन: 1930
पर भी संपर्क कर सकते हैं।



