सिकरारा (जौनपुर)। शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में Mount Litera Zee School ने एक बड़ा कदम उठाया है। स्कूल प्रशासन ने Rohit Sharma की प्रतिष्ठित क्रिकेट एकेडमी के साथ अनुबंध किया है, जिसके तहत यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों की क्रिकेट पिच तैयार की जाएगी और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
स्कूल के निदेशक अरविंद सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जून माह तक अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इसके साथ ही एकेडमी के मेंटर धवल कुलकर्णी की निगरानी में खिलाड़ियों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान करना है, जिनके पास क्षमता तो है, लेकिन संसाधनों की कमी है। स्कूल के छात्र-छात्राओं को क्रिकेट की ट्रेनिंग निःशुल्क दी जाएगी और आसपास के गांवों के बच्चे भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
निदेशक ने कहा कि क्रिकेट आज केवल खेल नहीं, बल्कि एक बेहतर करियर विकल्प बन चुका है और उनका लक्ष्य है कि इस स्कूल से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हों।
इस दौरान स्कूल की प्रिंसिपल श्वेता मिश्रा ने बताया कि जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोर्स भी शुरू किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीक और मशीन लर्निंग के बारे में सीख सकेंगे।
संचालक दिनेश सिंह ने कहा कि स्कूल शिक्षा को बहुआयामी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है, जहां खेल और तकनीक दोनों को समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनेगी।
इस अवसर पर निदेशक विख्यात सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय सिंह, विकास सिंह और संरक्षक रमेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



