‘अभिनंदन-2026’ में पुरातन छात्र पीयूष सिंह ने साझा किए कॉरपोरेट सफलता के सूत्र
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास विभाग में एमबीए (एचआरडी) प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए गुरुवार को इंडक्शन प्रोग्राम ‘अभिनंदन-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमबीए (एचआरडी) के स्वर्ण पदक विजेता पुरातन छात्र एवं हिंडाल्को ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज में ट्रेनी एग्जीक्यूटिव पीयूष सिंह रहे।
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय और विभाग की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत अमृता सिंह, अनु पांडेय और खुशी सिंह की टीम द्वारा विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति से हुई। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभाग की गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों, शैक्षणिक सुविधाओं और विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।
विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी रुचियों और करियर आकांक्षाओं पर लघु प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन द्वितीय वर्ष के पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल खुशी सिंह, अनु पांडेय, श्रेया सिंह, अनुराग तिवारी और अमृता सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में हसरत फातिमा ने प्रथम, शिवानी श्रीवास्तव ने द्वितीय और प्रांजल मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कॉरपोरेट सफलता के लिए कौशल विकास पर जोर
मुख्य अतिथि पीयूष सिंह ने अपने विश्वविद्यालय जीवन और कॉरपोरेट क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को शुरुआत से ही ‘जॉब रेडी’ बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि अकादमिक ज्ञान के साथ प्रभावी संचार कौशल, अनुशासन, व्यवहारिक समझ और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति कॉरपोरेट क्षेत्र में सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं।
‘हम क्या कर सकते हैं’ पर ध्यान दें
विभागाध्यक्ष डॉ. रसिकेश ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘हम क्या नहीं कर सकते’ के बजाय ‘हम क्या कर सकते हैं’ पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
प्राध्यापक डॉ. प्रवीण मिश्र ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान के माध्यम से समाज को नई दिशा देना भी है।
शिक्षक अनुपम कुमार ने एचआरडी पाठ्यक्रम की उपयोगिता और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और कौशल विकास के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने आयोजन में किया सहयोग
कार्यक्रम का संचालन अवंतिका यादव और रिषभ साहू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वालंटियर्स कुणाल मिश्र, निधि सिंह, कपिल यादव, काजल वर्मा, वैशाली राय, शचि सिंह, रिशिता, उज्ज्वल और युगान्त सिंह सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहयोग किया।


