केराकत। घर में डांट से नाराज एक युवक ने गुरुवार सुबह बंबावन गांव के समीप खुद को आग लगा ली। घटना में युवक करीब 25 प्रतिशत झुलस गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से युवक को केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घर में विवाद के बाद बाइक से निकला था युवक
थानागद्दी गांव निवासी विजय बहादुर विश्वकर्मा के अनुसार, उनका पुत्र कल्लू विश्वकर्मा घर में विवाद के बाद बाइक लेकर निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसने बंबावन गांव स्थित संमेल ब्रह्म बाबा मंदिर के पीछे खुद को आग लगा ली है।
परिजनों के मुताबिक कल्लू शराब का आदी है और घर में छोटी-मोटी चोरी करने की बात को लेकर उसे डांट पड़ती थी। गुरुवार को भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद वह बाइक से घर से निकल गया।
25 प्रतिशत झुलसा, जिला अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से युवक को केराकत सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कनौजिया ने बताया कि युवक करीब 25 प्रतिशत झुलसा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


