जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने तीन लाख रुपये की कथित लूट के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के दौरान इस्तेमाल की गई उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की वर्दी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को गुमटहिया बाजार से सेहमलपुर जाने वाले मार्ग पर तालामझवारा गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
तीन लाख रुपये की लूट का आरोप
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को शकरमंडी, थाना कोतवाली, जौनपुर निवासी आकाश सेठ ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये लूट लिए। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पिट्ठू बैग से पुलिस की वर्दी बरामद
पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित अमरनाथ यादव पुत्र अर्जुन यादव निवासी सेहमलपुर, थाना जलालपुर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे पिट्ठू बैग से उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की वर्दी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद वर्दी वही है जिसे आरोपी ने घटना के दिन पहना था। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अन्य आरोपियों और रकम के बारे में पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों और कथित लूट की रकम के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुजीत ओझा, उपनिरीक्षक बलवन्ता प्रसाद, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह और पीआरडी जवान संजय कुमार पाल शामिल रहे।


