जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर एवं करेत्तर राजस्व, एंटी भू-माफिया अभियान तथा विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आबकारी, राज्य कर, परिवहन, वन एवं खनन विभाग समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित की जाए और राजस्व बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्ती
एंटी भू-माफिया अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शनिवार और रविवार की रातों में भी निगरानी बढ़ाने के लिए रोस्टर के अनुसार राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने को कहा।
साथ ही नायब तहसीलदार, तहसीलदार और उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कब्जे की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
भू-माफिया टास्क फोर्स होगी सक्रिय
जिलाधिकारी ने पूर्व में गठित एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश पर की गई पत्थरगड्डी को हटाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों और भूमि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण पर जोर
बैठक में भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण और विवादित मामलों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।
बड़े बकाएदारों पर होगी प्रभावी कार्रवाई
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बड़े बकाएदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग लक्ष्य प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करें।
बैठक में अपर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


