Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, नई परंपरा पर रोक, तय मार्गों से...

मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, नई परंपरा पर रोक, तय मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस

जौनपुर। आगामी मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों और निर्धारित स्वरूप में ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जुलूस मार्गों और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा अन्य चिकित्सा इकाइयों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।

स्वयंसेवकों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका

बैठक में जुलूसों के दौरान स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नेहरू युवा केंद्र और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाएगा। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी तथा सभी आयोजकों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अफवाह की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।