- गेट में तीन गोलियो के बने निशान, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
जौनपुर धारा, जौनपुर। मछलीशहर के नगर पंचायत के चेयरमैन संजय जायसवाल के फैक्ट्री पर रविवार तड़के एक बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली के आवाज से पूरा इलाका दहल गया। गोलीबारी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के अध्यक्ष संजय जायसवाल का मछलीशहर कस्बे में फैक्ट्री है आज भोर में बाइक सवार दो बदमाश पहुंचकर फायरिंग करके फरार हो गए। हालांकि बदमाश जहाँ लक्ष्य करके गोलियां दाग रहे है, वहाँ पर पूरी तरह सन्नाटा है। कोई व्यक्ति मौजूद भी नही है। संजय के पुत्र अभय जायसवाल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में सीओ मछलीशहर परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया, सीसीटीवी फुटेज को लेकर जांच की जा रही है। पीड़ित अभय कुमार उर्फ सुरज जायसवाल ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया है कि रविवार को सुबह साढ़े पांच बजे उनको जान से मारने की नीयत से आए बदमाशों ने फैक्ट्री/आवास का गेट बंद होने पर फायरिंग की। लोहे के दरवाजे पर तीन गोलियों के छेद बने हुए हैं। बदमाश फायरिंग करने के बाद अपनी बाइक से वापस लौट गए। पूरी घटना फैक्टरी के दरवाजे पर लगे कैमरे में कैद हो गई है। रविवार को सुबह हुई घटना के बाद समर्थकों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की लिखित सूचना सूरज द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई।