- कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक मुख्यालय पर हुई मतों की गणना, छावनी में तब्दील रहा ब्लाक मुख्यालय
- ज्योति सिंह को मिला 618 मत तो अंजना को 528
जौनपुर धारा, सिकरारा। खानापट्टी गांव में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव के मतों की गणना शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लाक मुख्यालय पर सम्पन्न हुआ। सीधे मुकाबले में ज्योति सिंह ने अंजना सिंह को 92मतों से पराजित कर गांव की नई प्रधान बनी।
गांव में पड़े कुल 1182मतों में ज्योति सिंह को कुल 618मत जबकि अंजना सिंह को 528 मत प्राप्त हुए, 38मत निरस्त हुआ था। निर्वाचन प्रधान ज्योति सिंह कार्यवाहक प्रधान पत्रकार सुशील सिंह की पत्नी है। निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार राय ने नव निर्वाचित प्रधान को प्रमाण पत्र दिया। चुनाव सकुशल संपन्न कराने हेतु ब्लाक मुख्यालय पर सुरक्षा हेतु भारी पुलिस कर्मी लगाए गए थे।बताते चलें कि उक्त गांव की प्रधान किरन सिंह का आकस्मिक निधन हो गया था। जीत के बाद लोगो ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। ब्लाक मुख्यालय पर जीत के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह ने जीत का श्रेय गांव के सभी मतदाताओं को दिया। कहा कि यह मेरी यह जीत मेरी जेठानी तत्कालीन ग्राम प्रधान स्व.किरन सिंह को मतदाताओं ने सच्ची श्रद्धांजलि दी है। जनता की सेवा करने के लिए बहुत ही कम समय मिला है। पत्रकार सुशील सिंह ने कहा कि भाभी के द्वारा गांव में जहां विकास कार्य नहीं हो पाया था उसको पूरा करने का पूरा प्रयास करूंगा। अधूरे कार्य को पूरा करना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। ब्लाक पर ही समाजसेवी विनय सिंह, आनंद सिंह, शरद सिंह, अमित सिंह, भूपेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, रत्नाकर सिंह सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
217 मतों से जीत करके संगीता ने सास की बचायी प्रतिष्ठा
जौनपुर धारा,खुटहन। स्थानीय क्षेत्र के गभिरन गांव में प्रधान पद के लिये हुये उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को पूरी कर ली गई। पूर्व प्रधान स्व.फूला देवी की पुत्रवधू संगीता देवी ने 217मतों से जीत हासिल कर मृत सास की प्रतिष्ठा को आंच नहीं आने दिया। बीडीओ गौरवेंद्र सिंह ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दिया। मालूम हो कि गांव की पूर्व प्रधान फूला देवी का लगभग 5 माह पूर्व असामयिक निधन हो गया था। तब से यह सीट रिक्त चल रही थी। आरक्षण के हिसाब से यह सीट अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित है। उपचुनाव में यहां प्रधान पद के लिए उनकी बड़ी पुत्रवधू संगीता देवी पत्नी राजकुमार गौतम के अलावा गांव की मनोरमा देवी और सीमा देवी ने दावेदारी किया था। मतदान के लिए बनाये गये तीनों बूथों पर कुल मिलाकर 930 वोट पोल हुए थे। मतगणना में सर्वाधिक 508 वोट संगीता, 291 मत मनोरमा तथा सीमा को मात्र 117 वोट मिले। 14 वोट कैंसिल माने गये। संगीता देवी 217 मतों से विजयी घोषित की गयी। उन्होंने कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास ही मेरी सास का सपना रहा जिसे वे पूरा नहीं कर सकी। उनकी विकास की मुहिम को आगे बढ़ाना ही मेरा कर्तव्य होगा। उनके प्रति मेरी यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



