Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

मछलीशहर प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

मछलीशहर के राजमहल पैलेस में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
Homeअपना जौनपुरमेधावी सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, छात्रों ने बढ़ाया मान

मेधावी सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, छात्रों ने बढ़ाया मान

मेधावी छात्र-सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यार्थियों को सफलता और नेतृत्व का मिला मंत्र

जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वर्ष-2026 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को चेक, प्रशस्ति-पत्र और मेडल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह के सजीव प्रसारण से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भी देखा गया। इसके बाद जनपद स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में विधायक जगदीश नारायण राय, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विशेष रूप से श्री राम प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर सिकरारा के छात्र विजय यादव को सम्मानित किए जाने पर जनपद गौरवान्वित हुआ। विजय यादव ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। उन्हें राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

हाईस्कूल परीक्षा में जनपद के 77,043 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 73,536 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 66,234 छात्र-छात्राएं सफल रहे। परीक्षा परिणाम 90.07 प्रतिशत दर्ज किया गया। जनपदीय मेधा सूची में जनता बालिका इंटर कॉलेज, बनगांवपट्टी बदलापुर के छात्र राजशेखर सिंह ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कर्ष पटेल द्वितीय तथा आदित्य यादव तृतीय स्थान पर रहे।

इंटरमीडिएट परीक्षा में 76,991 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 73,736 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 54,937 सफल रहे। परीक्षा परिणाम 74.47 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट मेधा सूची में राम आधार यादव इंटर कॉलेज, रसूलपुर के छात्र रजनीश श्रीवास्तव ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। हिमांगिनी यादव द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अनुप पाल एवं अलका मिश्रा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जगदीश नारायण राय ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके परिश्रम का परिणाम बताते हुए उन्हें और उनके अभिभावकों को बधाई दी। एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और आधुनिकीकरण के लिए कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक उपलब्धि ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन के साथ अपनी अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी भविष्य में जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे तथा अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।