Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरकिसान सम्मान निधि के लंबित आवेदन तत्काल निस्तारित करने के निर्देश

किसान सम्मान निधि के लंबित आवेदन तत्काल निस्तारित करने के निर्देश

जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण और जल संरक्षण समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद में किसी भी पात्र किसान का आवेदन लंबित नहीं रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से पात्र किसानों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

फसल बीमा योजना के लिए किसानों को किया जाएगा जागरूक

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए गांवों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए एलईडी स्क्रीन और प्रचार वाहनों का इस्तेमाल करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जा सके।

जिलाधिकारी ने जनपद में मूली की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को इसके उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही मूली को जीआई टैग दिलाने की दिशा में प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।

आठ ब्लॉक क्रिटिकल श्रेणी में, जल संरक्षण पर जोर

भूमि संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जल संरक्षण की दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद के आठ ब्लॉक क्रिटिकल श्रेणी में हैं। ऐसे में जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उस पर तेजी से कार्य करने को कहा।

किसानों को उचित मूल्य और योजनाओं की जानकारी दिलाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा। साथ ही किसानों को बाजार में उपलब्ध सुविधाओं और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय से पहुंचे और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

बैठक में उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा रमेश यादव सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।