Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

कहीं टेढ़े पोल तो कहीं बिना केबल के खड़ा है बिजली का खंभा

जौनपुर शहर के कई इलाकों में टेढ़े विद्युत पोल और अधूरी केबल व्यवस्था नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को देखते हुए विभाग से स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध सुधार की मांग की है।

E-Paper 31-08-2026

Homeअपना जौनपुरकहीं टेढ़े पोल तो कहीं बिना केबल के खड़ा है बिजली का...

कहीं टेढ़े पोल तो कहीं बिना केबल के खड़ा है बिजली का खंभा

जर्जर विद्युत व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, कई स्थानों पर हादसे का खतरा

जौनपुर। शहर में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी कुछ जगहों की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न इलाकों में विद्युत पोलों की स्थिति देखने पर नियमित निगरानी और रखरखाव की जरूरत महसूस होती है। कहीं पोल लंबे समय से टेढ़े खड़े दिखाई दे रहे हैं तो कहीं नया पोल लगाए जाने के बावजूद उस पर एबीसी विद्युत केबल नहीं बिछाई गई है। कुछ स्थानों पर निजी केबल पोल के सहारे घरों तक ले जाए गए हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

पुरानी बाजार में गंगा प्रेस के पास सड़क किनारे लगा विद्युत पोल काफी टेढ़ा दिखाई देता है। इसी मार्ग पर कुछ दूरी आगे भी विद्युत पोलों की स्थिति ठीक नहीं नजर आती। स्थानीय लोगों का कहना है कि झुके हुए पोलों की समय रहते मरम्मत या उन्हें बदलने की जरूरत है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

पुरानी बाजार पुलिस चौकी के बगल से होकर गुजरने वाली गली में भी एक विद्युत पोल टेढ़ा है। संकरी गली होने के कारण यहां विद्युत पोल की स्थिति को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है। इस मार्ग से लोगों का आवागमन होने के कारण स्थानीय लोग पोल की स्थिति में जल्द सुधार की अपेक्षा कर रहे हैं।

सदर इमामबाड़ा रोड पर पोल लगा, केबल का इंतजार

सदर इमामबाड़ा रोड पर स्थिति अलग है। यहां बिजली विभाग की ओर से पोल लगाया गया है, लेकिन उस पर केबल बिछाने का काम पूरा नहीं हुआ है। क्षेत्र में कई घरों के निजी केबल पोल के सहारे बांधकर ले जाए गए हैं। इससे विद्युत व्यवस्था के साथ सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

विभागीय परिसर में भी पोल की स्थिति पर सवाल

अहियापुर पावर हाउस के स्टोर परिसर में लगा एक विद्युत पोल भी ऐसी स्थिति में नजर आता है, जिसे सहारे की जरूरत महसूस होती है। विभागीय परिसर में विद्युत पोल की स्थिति को देखते हुए शहर के अन्य हिस्सों में नियमित निरीक्षण और रखरखाव को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

विद्युत व्यवस्था से जुड़ी इन स्थितियों को देखते हुए विभाग की ओर से संबंधित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जरूरत है। टेढ़े पोलों को दुरुस्त करने के साथ खुले या अनधिकृत तरीके से लगाए गए केबलों की स्थिति की भी जांच जरूरी है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

पोलों की स्थिति पर कब होगा स्थलीय निरीक्षण?

शहर के अलग-अलग हिस्सों में टेढ़े विद्युत पोल और अधूरी विद्युत लाइन की स्थिति सामने आने के बाद सवाल यह है कि संबंधित अधिकारी इन स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कब करेंगे। विद्युत पोल और केबल से जुड़ी खामियां सीधे सुरक्षा से संबंधित हैं। ऐसे में किसी शिकायत या हादसे का इंतजार करने के बजाय नियमित जांच और समयबद्ध सुधार की आवश्यकता है।

Previous article