जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जनपद में संचालित फसल कटाई (क्रॉप कटिंग) कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
तहसील सदर के ग्राम महरूपुर में कृषक हरिश चंद्र के खेत में रेंडम चयनित गाटा संख्या 1798 पर गेहूं की फसल का निरीक्षण CCE Agri App के माध्यम से किया गया।
फसल कटाई प्रयोग के तहत 10 मीटर × 10 मीटर × 10 मीटर के समबाहु त्रिभुज से 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में गेहूं की कटाई कराई गई, जिसमें 18 किलोग्राम 320 ग्राम वजन प्राप्त हुआ। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर गेहूं की उत्पादकता 42.30 क्विंटल आंकी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फसल कटाई का कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के आंकड़े किसानों के हितों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव, तहसीलदार सौरभ कुमार, सांख्यिकी विभाग से सुरेन्द्र प्रताप सिंह, लेखपाल शिखा शुक्ला, बीमा प्रतिनिधि राकेश गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और कृषक उपस्थित रहे।



