जौनपुर। मानस प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद जौनपुर में 49वां श्री राम चरित मानस सम्मेलन गुरुवार सायंकाल से शुरू हो गया। यह धार्मिक आयोजन 7 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित व्यासगण अपनी मधुर वाणी से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।
सम्मेलन के प्रथम दिवस झांसी से पधारे पंडित महेंद्र शास्त्री ने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर परमवीर हनुमान की भक्ति और भगवान श्रीराम के महात्म्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हनुमान जी ने निरंतर श्रीराम का नाम जपते हुए उसे अपने हृदय में स्थापित कर लिया था।
वहीं फतेहपुर से आए पंडित राकेश पाण्डेय ने हनुमत चरित्र की दिव्य चर्चा करते हुए बताया कि हनुमान जी की कृपा से ही सुग्रीव और विभीषण को श्रीराम से मिलने का अवसर मिला, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें क्रमशः राजपाट और लंका का सिंहासन प्राप्त हुआ।
उन्होंने हनुमान जी की भक्ति, समर्पण और सेवा भावना के महत्व को भी विस्तार से बताया।
इस अवसर पर प्रो. आर.एन. त्रिपाठी, सुरेन्द्र कुमार मौर्या, ईश्वर चन्द्र, जगदीश चन्द्र गुप्त, ओमप्रकाश गुप्त, सुरेन्द्र कुमार जायसवाल, अनिल कुमार जायसवाल, रामआसरे साहू, रमेश चंद्र जायसवाल, रमेश सेठ, मनोज वर्मा, संजय सेठ जेब्रा, स्कन्द भार्गव, दिनेश जायसवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान कथा का आध्यात्मिक वातावरण श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर रहा है और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ राम कथा का आनंद ले रहे हैं।



