- 25 वर्षों से न सड़क थी न साइन बोर्ड, बजट स्वीकृत
- अब कायाकल्प के लिए 2 करोड़ की किस्त जारी
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। 25 वर्षों से न सड़क थी न साइन बोर्ड, अब कायाकल्प के लिए 2 करोड़ की किस्त जारी। जिले में स्थित सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र पूर्वांचल का दूसरा सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है। यहां 105 इकाइयां स्थापित हैं। इसके बाद भी इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव करीब 25 वर्षों से है। हालांकि अब इस क्षेत्र के दिन बहुरेंगे। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सड़कें, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन आदि का कायाकल्प होने जा ना रहा है। इसके लिए प्रशासन ने करीब 12 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। जिसमें से दो करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी की गई है।
इस क्षेत्र को जाने वाली सड़क या जहां से सतहरिया का यह औद्योगिक क्षेत्र शुरू होता है, वहां कोई साइनेज बोर्ड नहीं लगा है। जिससे उद्यमियों और बाहर से आने वाले व्यापारियों को समस्या होती है। यहां पर जो पहले बोर्ड लगा था वो उखड़ गया है, जिसे आज तक लगवाया भी नहीं गया। जौनपुर स्थित सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अकाल से गुजर रहा है। हालांकि इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प उद्योग विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए करीब 700 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। जिसमें से प्रथम किस्त में 270 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इस धनराशि से सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली, सामुदायिक हॉल आदि की मरम्मत और नव निर्माण कराया जाएगा। हालांकि लंबे समय के बाद प्रशासन जागा और क्षेत्र के कायाकल्प की योजना को अमल में लाया।
हमेशा उठता रहा व्यवस्था सुधारने की मांग
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र 508 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें मौजूदा समय में 105 इकाइयां स्थापित हैं। जिनमें से 100 संचालित की जा रही है। इस क्षेत्र में पेप्सी, हॉकिन्स, चारमिनार, तारा टीएमटी जैसे बड़ी इकाइयां भी स्थापित हैं। जहां तीन हजार से अधिक लोग कार्यरत हैं। यहां करीब 25वर्षों से बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा है। हर बार उद्यमी जिला उद्योग बंधु की बैठक में क्षेत्र की व्यवस्थाएं सुधारने का प्रस्ताव उठाते हैं।
जलभराव की समस्या से भी उद्यमी परेशान
क्षेत्र के हालात ऐसे हैं कि पूरे सतहरिया में कहीं भी जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण हल्की बारिश में भी यहां जलभराव हो जाता है। इस कारण भी आवागमन में समस्या होती है। इसका निदान भी जल्द ही कराया जाएगा। नाली का निर्माण भी किया जाना है। शासन की ओर से बजट जारी होने के बाद कई स्थानों पर काम शुरू करा दिया गया है। हालांकि बरसात के कारण अभी काम में गति नहीं आ पा रही है। बरसात के बाद तेज गति से काम होगा।
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के कायाकल्प के लिए शासन ने बजट स्वीकृत कर दिया है। साथ ही पहली किस्त भी जारी की है। निर्माण कार्य और मरम्मत भी शुरु हो गई है। जल्द ही समस्याओं का स्थाई समाधान हो जाएगा।
-हर्ष प्रताप सिंह, उपायुक्त उद्योग जौनपुर