― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद अनिवार्य : रवींद्र कुमार

सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद अनिवार्य : रवींद्र कुमार

  • हार कर जीतने की कला खेल सिखाता है : अतुल सिन्हा
  • वार्षिक खेल दिवस पर बच्चों में गज़ब का उत्साह

जौनपुर धारा, जौनपुर। सेंटजॉन्स सिद्दीकपुर में वार्षिक क्रीड़ा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन के बाद विद्यालय की छात्राओं ने प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी.विक्टर ने सम्मानित अतिथियों को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला क्रीड़ाधिकारी अतुल सिन्हा के विद्यालय ध्वज के आरोहण के साथ ही वार्षिक खेल महोत्सव का आगाज़ हुआ। स्कूल कैप्टन आदित्य कुमार यादव एवं अंकिता यादव के नेतृत्व में रेड हाउस, ब्ल्यू हाउस, येलो हाउस एवं ग्रीन हाउस ने मार्च पास्ट कर विद्यालय-ध्वज को सलामी दी।

उत्साह के प्रतीक गुब्बारे को आसमान में छोड़ा गया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। नन्हे मुन्नों का जिलेबी दौड़, चम्मच-नींबू दौड़, मेढ़क दौड़ आदि ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों में अद्भुत खेल एवं प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। रिले रेस एवं रस्सी खींच ने उत्साह की पराकाष्ठा कायम कर दी। बीच बीच में विशिष्ट अतिथियों द्वारा मेडल वितरण किया जाता रहा। क्रीड़ा दिवस के अंत में 375 अंकों के साथ रेड हाउस पहले स्थान पर एवं 351 अंकों के साथ ब्ल्यू हाउस दूसरे स्थान पर रही। ग्रीन हाउस को तीसरा स्थान एवं येलो हाउस को चौथा स्थान मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अतुल सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल ही ऐसा साधन है जो हारकर जीतना सिखाता है। मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंडार ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद अनिवार्य है। जनपद में खेल को बढ़ावा देने के लिए जो भी सम्भव है उसे करने की कोशिश करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि खेल उनका पहला प्यार है। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी.विक्टर ने अतिथिगण एवं अभिभावकगण के प्रति आभार प्रकट किया। विद्यालय-ध्वज अवरोहण के साथ खेल-दिवस के समापन को घोषणा हुई और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार एवं शिक्षाविद डॉ.मनोज वत्स, बीएसए जौनपुर डॉ.गोरखनाथ पटेल, प्रभाकर त्रिपाठी, शेषधर त्रिपाठी, डॉ.सुधीर उपाध्याय, डॉ.झांसी दास ने गरिमामय उपस्थिति प्रदान कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के शिक्षक परवेज अहमद के नेतृत्व में छात्र उस्मान, आनवी, प्रगति, अंशिका, अंकिता, हर्षिता, प्राची एवं भाविका ने कुशल मंच संचालन किया।

Share Now...