- कदमताल और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा परिसर
जौनपुर धारा, मड़ियाहूँ। मड़ियाहूँ पीजी कॉलेज में परंपरागत परिधानों से सुसज्जित छात्राओं की टोलियां, सधे अंदाज में होते कदमताल, तालियों की गड़गड़ाहट के बीच शनिवार को 31वां दो दिवसीय विश्वविद्यालीय रोवर्स/रेंजर्स समागम का आगाज हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक अपूर्व तिवारी ने किया और विशिष्ट अतिथि जनपद संयोजक अजय कुमार दुबे ने माँ सरस्वती का माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इसी के साथ दो दिवसीय विश्वविद्यालयीय रोवर्स/रेंजर्स रैली मे छात्र छात्राओं के प्रदर्शन का सिलसिला प्रारम्भ हुआ। पूरे दिन चले कार्यक्रम में रोवर्स रेंजर्स की टीमों ने अपने प्रदर्शन को उत्कृष्ट बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मेजबानी कर रहे मड़ियाहूं पीजी कॉलेज की रोवर्स रेंजर्स टीमों की अगुवाई में विभिन्न महाविद्यालयों से जुड़ी टीमों ने मार्च पास्ट कर स्काउट झंडा व मुख्य अतिथि को सलामी दी। साथ ही सरस्वती वंदना को शिवानी, ज्योति, सरिता, अनामिका आरिका, आदिति, दीक्षा ने प्रस्तुत किया और स्वागत कुलगीत प्रस्तुत किया गया। टीमों के बीच पोस्टर क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता, मार्च पास्ट एवं गांठबंधन, समूह गान, नाट्य प्रतियोगिता इत्यादि प्रतियोगिताएं कराई गई। मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक अपूर्व तिवारी ने रोवर्स रेंजर्स टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए कहाकि यह समागम निश्चित रूप से छात्र-छात्राओं के शारीरिक मानसिक सामाजिक विकास में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय कुमार दुबे ने रोवर्स रेंजर्स के महत्व पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके पाठक ने कहाकि जिस तरह सोने की परख घिसने से, तोड़ने से, गर्म करने से और पीटने से होती है उसी तरह मनुष्य की परख विद्याशील गुण कर्म से होती है और छात्र छात्राओं को जीवन के हर मुश्किल से लड़ने का मंत्र दिया।आयोजन सचिव डॉ. सुजीत कुमार पटेल ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। विश्वविद्यालीय रोवर्स रेंजर्स समागम में जनपद गाजीपुर की चार टीमें और जनपद जौनपुर की छ: टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। कार्यक्रम रोवर्स/ रेंजर्स के एसओसी वाराणसी मंडल डीओसी गाजीपुर डीटीसी गाइड आयशा तरन्नुम, ज्ञान चंद चौहान, अजय चौहान, मनोज विश्वकर्मा, निखिल चौरसिय्ाा आंसू दुबे इत्यादि प्रशिक्षक उपलब्ध रहे। महाविद्यालय के प्रोफेसर आञ्जनेय पांडेय, प्रोफेसर अजय कुमार, प्रोफेसर सुमन सिंह, डॉ. जेपी दुबे, डॉक्टर बृजेश चौबे, डॉक्टर विजय चतुर्वेदी, डॉ. सुशील कुमार मिश्र एवं महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश मिश्रा डीओसी रोवर्स रेंजर्स ने किया।



