जौनपुर धारा, केराकत। जहां एक ओर जिला व प्रखंड प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति सचेत व जागरूक किया जा रहा है, वहीं केराकत तहसील मुख्यालय स्थित सम्पूर्ण समाधान दिवस सभागार के कुछ ही दूरी पर ऊपरी तल पर जाने वाली सीढ़ियों से उपरी तल पर लगा गंदगी का अंबार स्वच्छ भारत अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है। मजे कि बात यह है कि भवन के उपरी तल पर साफ-सफाई का घोर अभाव है।

गौर करने वाली बात यह भी है कि तहसील दिवस में फरियादियों की फरियाद सुनने के लिए तहसील प्रशासन के अलावा जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक भी यहां आते हैं, लेकिन ऊपरी तल पर जाने वाली गंदगी भरे सीढ़ियों के ऊपर ध्यान इनायत नहीं होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत अभियान यहां पर फिसड्डी साबित होता दिख रहा है। बता दे कि प्रत्येक तहसीलों में प्रथम शनिवार व तृतीय शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किये जाते हैं, बाबजूद इसके तहसील मुख्यालय स्थित सभागार के बीचों-बीच बनी सीढ़ियों के ऊपरी तल पर फैली गंदगी को मुक्त नहीं किया जाना तहसील प्रशासन पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।



