जौनपुर धारा,जौनपुर। जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ की उपस्थिति में तहसील शाहगंज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी के द्वारा गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायती प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
इस दौरान चन्द्रावती देवी, इन्द्रावती, द्रौपदी के द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना-पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम मड़वा मोहिउद्दीनपुर पर अंगुली तहसील शाहगंज की भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है और प्रतिकर भुगतान हेतु प्रार्थनीगण को नोटिस भी दी गयी थी, आवश्यक अभिलेख जमा करने के बावजूद भी 01 वर्ष बीत जाने के उपरान्त भी मुआवजा अभी प्राप्त नही हुआ है और सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 15 जून तक प्रकरण का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उर्मिला निवासी डीह अशरफाबाद ने प्रार्थना पत्र दिया कि पड़ोसी के द्वारा मकान बनाने में विवाद उत्पन्न किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार शाहगंज और थाना प्रभारी के द्वारा राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा अवरोधो को खत्म कराते हुए समस्या का निदान करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व विभाग, भूमि विवाद, पथरगड्डी, पेंशन आदि से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय कर लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण कराये, उन्होंने सभी से अपील किया कि अपनी माँ के नाम 01 पौधा अवश्य लगाये। इसके साथ ही सभी थानों में भी वृक्षारोपण कराया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों के लिए ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 203 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, मौके पर 18 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.लक्ष्मी सिंह, उप जिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस पड़े 214 प्रार्थना पत्र

जौनपुर धारा,केराकत। केराकत विकास खण्ड के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसीलदार के अध्यक्षता में किया गया। कुल 214प्रार्थना पत्र फरियादियों ने दिए। जिसमें 18प्रार्थना पत्र के मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। अवशेष 196सम्बंधित अधिकारी कर्मचारी को सौंपा गया। समाधान दिवस में कोतवाली प्रभारी, नायब तहसीलदार, लेखपाल गण, बीडीओ एवं सभी विभाग के कर्मचारी गण मौजूद रहें।


