― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरहैंडपंप से तैलीय पदार्थ निकलने की खबर की हुई जांच, सबमर्सिबल पंप...

हैंडपंप से तैलीय पदार्थ निकलने की खबर की हुई जांच, सबमर्सिबल पंप की खराबी निकली वजह

जौनपुर । बदलापुर तहसील क्षेत्र के सिंगरामऊ थाना अंतर्गत रामीपुर गांव में एक किसान के हैंडपंप से डीजल जैसी दुर्गंध और तैलीय पदार्थ निकलने की वायरल खबर के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच कराई। जांच में मामला तकनीकी खराबी से जुड़ा पाया गया।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर की जांच

तहसीलदार बदलापुर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार लेखपाल द्वारा ग्राम रामीपुर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया गया। जांच में पता चला कि किसान विजय सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह ने लगभग तीन वर्ष पूर्व अपने निजी उपयोग के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाया था, जिसमें सबमर्सिबल पंप भी स्थापित किया गया था।

ऑयल सील लीक होने से आई दुर्गंध

अधिकारियों के मुताबिक सबमर्सिबल पंप की मोटर की ऑयल सील लीक होने के कारण मशीन का ऑयल पानी के साथ बाहर आ रहा था। इसी वजह से पानी में डीजल या पेट्रोलियम पदार्थ जैसी दुर्गंध महसूस हो रही थी।

खराब पंप निकालने की कार्रवाई शुरू

जांच के दौरान मौके पर मौजूद ग्राम पंचायत सचिव अनूप सिंह और रोजगार सेवक पंकज सिंह ने बताया कि खंड विकास अधिकारी बदलापुर के निर्देश पर किसान की सहमति से मानवीय आधार पर मदद करते हुए मिस्त्री बुलाकर खराब सबमर्सिबल पंप को निकलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि हैंडपंप से परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल्द मरम्मत अथवा नया पंप लगवाया जाएगा।

जांच प्रक्रिया की पुष्टि

अधिकारियों ने बताया कि जांच के समय मौजूद अधिकारियों, किसान तथा ग्रामवासियों द्वारा मौके पर हस्ताक्षर कर जांच प्रक्रिया की पुष्टि भी की गई।

Share Now...