- उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
जौनपुर धारा,जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्यतापूर्ण ढंग से मनाया गया। उत्तर प्रदेश दिवस-2025 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश प्रभारी मंत्री एके शर्मा रहे। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिन्शु, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र, मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम सहित अन्य के द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रभारी मंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम तथा प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश की यात्रा और बदलाव से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी जिसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर किया।इसके साथ ही कृषि विभाग,स्वास्थ्य,आईसीडीएस सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया था तथा लोगों को विभिन्न योजनाओ से संबंधित जानकारी दी जा रही थी। सूचना ाfवभाग द्वारा उत्तर प्रदेश से जुड़ी मासिक पत्रिका, किताबों का स्टॉल लगाया गया था। किताबों का वितरण आगंतुकों में नि:शुल्क किया जा रहा था। जिससे शासन की योजनाओं का प्रचार प्रसार लोगों में किया जा सके। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा बाल एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा स्टॉल पर पहुचकर आईसीडीएस के अन्तर्गत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन उत्तर प्रदेश की स्थापना हुई थी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के द्वारा उत्तर प्रदेश को नियमित रूप से विकास के पथ पर अग्रसर है। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के भौगोलिक सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश से उत्तम प्रदेश बनने के सफर के बारे में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम स्थल पर फोटो लेने हेतु एक सेल्फी प्वाइंट बनाई गई थी जहां आने जाने वाले लोग अपनी अपनी सेल्फी ले रहे थे। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख और प्रीति श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, पीडी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



