- जेई ने ओवर लोडिंग व फाल्ट को बताया कारण
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। धर्मापुर क्षेत्र के कई गांवों में 24घण्टे की हुई बिजली कटौती से उपभेक्ता बेहाल हो उठे। रात में हुई कटौती की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत उपकेंद्र कबीरुद्दीनपुर से सोमवार को सुबह दस बजे से ही बिजली कटौती हो गई जो रात तक जारी रही। रातभर बिजली कटौती रहने से सरैयां, राजेपुर, केशवपुर, धर्मापुर, कबीरुद्दीनपुर, तरसंड, उत्तरगावां सहित कई गांवों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। वहीं बिजली कटौती के अभाव में पम्पिंग सेट न चलने से किसानों की धान की खेती में भी सिंचाई नहीं हो सकी। बीच-बीच में 3 से 4 बार बिजली आई जो एक मिनट में ही कट गई। वहीं इस समस्या की जानकारी के लिए जब विद्युत उपकेंद्र कबीरुद्दीनपुर पर तैनात एसएसओ से जानकारी लेने के लिए लोग कॉल करते रहे तो वह भी फोन उठाते तो लेकिन बिना कोई जवाब दिए बगैर कॉल काट देते रहे। वहीं लोगो में बिजली विभाग के प्रति काफी नाराजगी भी देखी गई। क्षेत्र के शैलेन्द्र सिंह, दीपक सिंह, संदीप मौर्या, शेखर मौर्या, अरविंद निषाद, राकेश गौतम, प्रमोद जायसवाल, पिंटू यादव आदि ने कहा कि यदि ऐसे ही बिजली कटौती होती रही तो जल्द ही हम लोग एक साथ जिलाधिकारी के पास पहुंचकर इस समस्या से अवगत कराएंगे। जेई जगपाल सिंह ने बताया कि ओवर लोडिंग व फाल्ट के वजह से कटौती हुई है जल्द ही सुधार कर लिया जाएगा।


